
शहडोल- शादी का सीजन चल रहा है, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन हर जगह भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रेन हो या फिर बस खचाखच भीड़ चल रही है, लेकिन जब इस भीड़ भरे माहौल में बस ही गायब हो जाए तो पब्लिक क्या करे? इस प्रचंड गर्मी में परेशानी तो बढऩी ही है ना, शादियों के सीजन के चलते, बसों की बुकिंग बारात लाने ले जाने के लिए हो जा रही है, जिससे वो अपने रूटों में तय समय पर नहीं चल रही हैं, जिससे पब्लिक को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस गायब, पब्लिक परेशान
दो दिनों से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में यात्रियों की भीड़ के साथ उनकी फजीहतें भी बढ़ गई हैं। बसें बारात में बुक होने के चलते कई रूट में बसों का दो दिनों से आना जाना बंद है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ी धूप और लू के थपेड़ों में बच्चों को लेकर लोग बस स्टैंड में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन सीट और जगह नहीं मिलने के चलते यात्रियों को मुश्कि लों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग रायपुर और बिलासपुर से ट्रेन में सफर कर शहडोल बस स्टैंड पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें रीवा और इलाहाबाद के लिए सीट और टिकट नहीं मिलने के कारण बेबस और लाचार होकर बस की प्रतीक्षा में समय गुजारना पड़ रहा है। बताया गया है कि ऐसे हालात दो दिनों से बने हुए हैं। स्थिति सामान्य होने में लगभग 5 दिन लगेंगे।
इन रूटों में समस्या
जिले के जैतपुर, रसमोहनी, झींकबिजुरी, मानपुर, सीधी, बनसुकली, रीवा, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, खन्नौधी, सिंहपुर, तिवनी, जनकपुर अमरहा, भमरहा, चन्नौड़ी, केशवाही, सहित अन्य रूटों में कम वाहन और बसों के नहीं चलने के कारण यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना दो दिनों से करना पड़ रहा है। वहीं हाल ऐसे हैं कि लोग ट्रेवल एजेंसियों के वाहन और टैक्सी के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वाहन नहीं मिलने के चलते लोग परेशान हो रहे हैं। यही स्थिति रेलवे स्टेशन की बताई जा रही हैं जहां कटनी और बिलासपुर रूट की ट्रेनों में खचाखच भीड़ होने के चलते ट्रेन के डिब्बों में खड़े होकर सफर करना मुश्किल हो गया है।
प्रचंड गर्मी में हाल बेहाल
शादी में बसों की बुकिंग हो जाने के चलते यात्री परेशान हो रहे हैं, गर्मी भी अपने शबाब पर, बाहर से यात्री इस उम्मीद के साथ बस स्टैंड आ तो जाते हैं कि उन्हें अपनी अगली मंजिल के लिए बस यहां से मिल जाएगी, लेकिन जब वहां पहुंचते हैं तो बस ही गायब, शादियों के सीजन के चलते जहां एक ओर बस की बुकिंग चल रही है, तो वहीं दूसरी ओर शादियों में ही जाने के लिए लोग लगातार यात्रा कर रहे हैं, जहां उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।