जब आया पकड़ में तो हुए कई खुलासे
शहडोल- पिछले कुछ समय से पुलिस बड़ी तेजी के साथ कार्रवाई कर रही है। दुकानों पर छापे मारे जा रहे हैं, जहां भी कुछ गलत होने की सूचना मिल रही है पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ वहां धरपकड़ कर रही है। पिछले कुछ समय से कई दुकानों में छापे मारे गए हैं।
ताजा मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोबाइल दुकान में पोर्न फिल्म डाउनलोड करने वाले आरोपी को पकडऩे का है। दरअसल आरोपी बड़े ही शातिराना अंदाज में मूवी को कई फोल्डर के अंदर रखे हुए था। जिसे कोई समझ ही नहीं पा रहा था। इसलिए पुलिस ने पहले मुखबिर को ग्राहक बनाकर भेजा तो दुकान संचालक ने पोर्न फिल्म डाउनलोड कर दी। पुलिस दबिश देने पहुंची तो दुकान संचालक गुमराह करने लगा। जिसके बाद पुलिस एक्सपर्ट की टीम पूरी जांच पड़ताल में लग गई। जिसके बाद पुलिस ने पाया कि आरोपी ने फोल्डर के भीतर फोल्डर बनाकर पोर्न मूवी रखे हुए था।
टीआई प्रफुल्ल राय ने बताया कि गोपालपुर स्थित मोबाइल दुकान में संतोष मोबाइल सेंटर में दबिश दी। यहां पर संतोष सोनी मोबाइल में पोर्न फिल्मों को डाउनलोड कर रहा था। इतना ही आरोपी दुकान संचालक बच्चों के मोबाइल में भी दोगुना पैसा लेकर डाउनलोड करता था। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने फोल्डर के भीतर फोल्डर बनाए थे और दो हजार से ज्यादा अश्लील फिल्मों को रखा था। पुलिस ने कम्प्यूटर जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।
---------------------------
सारनाथ व गोंदिया चल रहीं लेट
शहडोल - सारनाथ और गोंदिया अपडाऊन ट्रेनों के देरी से आने का सिलसिला जारी है। विगत 12 दिनों से यह दोनों एक्सप्रेस टे्रनें लगातार 10 घंटे से अधिक लेट आ रहीं हैं। सुबह 9.15 पर शहडोल पहुंचने वाली बरौनी गोंदिया पकड़कर शहडोल से अनूपपुर व बिलासपुर जाने वाले रोज के यात्रि प्रभावित हो रहे हैं। हालाकि 9.30 पर आने वाली अंबिकापुर समय पर आ रही है। गोंदिया से जाने वाले यात्री अंबिकापुर से जा रहे हैं। वहीं लौटते समय भी चिरमिरी रीवा टे्रन शाम 6.30 बजे अनूपपुर से उपलब्ध है और समय पर आ रही है। लौटने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानियां नहीं हो रहीं हैं।