
किसान आंदोलन से पहले पुलिस की बलवा ड्रिल, छोड़े आंसू गैस के गोले
दो दर्जन अफसर और एक सैकड़ा से ज्यादा पुलिसकर्मी कोटवार रहे शामिल
शहडोल- किसान आंदोलन से पहले पुलिस ने बलवा ड्रिल किया, जहां पुलिस पर पत्थर बरसाए गए, आंसू गैस के गोले छोड़े गए, दरअसल शहर के पुलिस लाइन मैदान में कानून सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बलवा ड्रिल परेड की गई। माना ये जा रहा है कि किसान आंदोलन से पहले पुलिस अपनी तैयारी कर रही है। बलवा ड्रिल में काफी समय तक दो पक्षों के बीच झड़प होती रही। पुलिस ने उत्पातियों को खदेड़ा तो बदमाशों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया।
कुछ ही समय में पुलिस ने भी शक्ति प्रदर्शन करते हुए आंसू गैस छोड़ दिए। मौके पर मौजूद एंबुलेंस भी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आती जाती रही। पुलिस पर पत्थर भी बरसाए गए लेकिन पुलिस ने कवच के माध्यम से खुद का बचाव करते हुए उत्पातियों को खदेड़ दिया।
कानून व्यवस्था के अलावा हाल ही में होने वाले कई आंदोलन और आयोजनों को लेकर पुलिस ने रणनीति तैयार की और बलवा से निपटने के लिए टिप्स दिए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और कोटवारों को बलवाई बनाया गया। नारेबाजी कराई गई। पथराव कराया गया।
बलवा परेड में प्रभारी टियर गैस व आवाजी कारतूस का उपयोग किया गया। बलवा ड्रिल परेड में ब्रज वाहन एवं एम्बुलेंस का भी उपयोग किया गया। एसपी कुमार सौरभ ने कहा कि बलवा ड्रिल परेड का मुख्य उद्देश्य आगामी कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण करना। विपरीत परिस्थिति में त्वरित कार्यवाही कर स्थिति पर नियंत्रण करना है।
बलवा में इनकी रही मौजूदगी
बलवा ड्रिल परेड में डीएसपी यातायात विलास वाघमारे, डीएसपी हेमंत शर्मा, अरूण पाण्डेय थाना प्रभारी अमलाई, विकास सिंह थाना प्रभारी कोतवाली, सूबेदार राजमति परस्ते, सूबेदार जितेन्द्र रावतकर, सूबेदार अभिनव राय, सूबेदार अंजू लकड़ा सहित अन्य 15 एसआई, 15 एएसआई, 90 प्रधान आरक्षक व आरक्षक एवं 20 कोटवार लगभग 150 लोग शामिल रहे।