प्रस्तावित स्थल पर ही बनेगा टेटका बांध

न्यायालय ने जनहित याचिका मे दिया फैसला
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2016, 7:53 PM IST
Feature image
शहडोल
जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर मे सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तावित किए गए टेटका गांव मे बांध निर्माण कार्य कराने के मामले मे किसानों द्वारा बांध निर्माण के विरुद्ध लगाई गई जनहित याचिका मे निर्णय सिंचाई विभाग मे पक्ष मे दिया है। दिए गए निर्णय मे उच्च न्यायालय ने सिंचाई विभाग का पक्ष सुनने के बाद तकनीकी अधिकारियों को बांध निर्माण स्थल चयन करने का निर्णय लेने को सक्षम बताया है। न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय से किसानों को राहत नहीं मिली है। न्यायालय के निर्णय के बाद तकनीकी अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत टेटका गांव मे प्रस्तावित स्थान पर ही बांध बनाने का निर्णय लिया है।

क्या है मामला
सिंचाई विभाग द्वारा गांव टेटका मे बांध निर्माण कराने के लिए स्थल का चयन करने के बाद लगभग 1195 लाख रुपए की लागत से बांध बनाने की स्वीकृति शासन से ली थी, लेकिन टेटका गांव के किसानों द्वारा विरोध करने के कारण उक्त कार्य शुरू नहीं कराया गया। इस मामले मे गांव टेटका निवासी रामलखन कुशवाहा ने उच्च न्यायालय मे सिंचाई विभाग के विरुद्ध और अन्य स्थल पर बांध निर्माण कराने के लिए याचिका लगाई थी। इस मामले मे न्यायालय ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों का पक्ष सुनने के बाद 11 फरवरी को निर्णय देते हुए तकनीकी अधिकारियों को सक्षम बताते हुए उचित स्थान पर बांध निर्माण कराने का आदेश पारित किया, इसके उपरांत सिंचाई विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने टेटका गांव मे ही प्रस्तावित बांध निर्माण कराने का निर्णय लिया है।

50 किसान कर रहे विरोध
सिंचाई विभाग द्वारा गांव टेटका मे 11 करोड़ रुपए से अधिक लागत से बनाए जा रहे बांध निर्माण का विरेाध कर रहे हैं। लगभग 50 बांध प्रभावित किसानों ने कलेक्टर और कमिश्नर से शिकायत दर्ज कराते हुए अन्य स्थल पर बांध निर्माण कराने की मांग की लेकिन मांग नहीं पूरी होने के कारण प्रभावित किसानों ने न्यायालय की शरण ली, लेकिन किसानों को न्यायालय से भी राहत नहीं मिलने के कारण प्रभावित किसान परेशान दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि टेटका गांव मे बांध निर्माण होने के कारण लगभग 50 किसानों की खेतिहर भूमि सहित उनके मकान प्रभावित होंगे।

इन गांव के किसानों को होगा फायदा
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के दावे को माने तो ग्राम टेटका के किसानों की लगभग 250 एकड़, कनाडी खुर्द की लगभग 600 एकड़, जमनारा की लगभग 250 एकड़ जमीन की फसलों की सिंचाई के लिए नहरों के माध्यम से पानी उपलव्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि झलमला सिंचाई परियोजना के निर्माण होने से इस क्षेत्र के टेटका और कनाडीकला की लगभग 850 एकड़ किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।


टेटका मे ही होगा बांध का निर्माण
टेटका बांध निर्माण के विरोध मे ग्रामीणों द्वारा न्यायालय मे जनहित याचिका लगाई गई थी। इस मामले मे न्यायालय ने निर्णय पारित करते हुए तकनीकी अधिकारियों को बांध निर्माण कराने के लिए स्थल चयन करने का आदेश पारित किया है। तकनीकी दल द्वारा स्थल का चयन मौके पर किया गया है। टेटका गांव मे प्रस्तावित स्थान पर बांध का निर्माण कराया जाएगा।
डीएन आकरे
कार्यपालन यंत्री सिंचाई विभाग शहडोल

Published on: