
शहडोल- नगरपालिका द्वारा नगर के ३९ वार्डों की साफ -सफाई व्यवस्था को चाक -चौबंद करने के लिए अलग-अलग वार्डों का समूह बनाकर 10 जोन बनाए हैं। इनमें दो-दो सफाई कर्मियों की हर वार्ड के हिसाब से नियुक्ति करते हुए हर जोन में एक-एक सफाई की देख रेख करने के लिए सुपरवाइजरों की और कचरा उठाव करने के लिए एक-एक वाहन की तैनाती की है, जिससे सफाई कर्मियों पर नजर रखी जा सके और घर-घर जाकर कचरा उठाव कराया जा सके। नपा ने भले ही नगर में 10 जोन बना लिए हैं लेकिन अभी भी ५०० व्यक्ति के मान से एक-एक सफाई कर्मचारी की व्यवस्था नहीं की है। जबकि शासन की गाइड लाइन के अनुसार 500 व्यक्ति के बीच एक सफाई कर्मचारी की व्यवस्था होनी चाहिए। संसाधन के अभाव के कारण नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखना नपा के लिए आसान नहीं है।
संसाधनों का अभाव
नगरपालिका के 39 वार्डों में साफ-सफाई कराने के लिए वर्तमान समय में लगभग कुल 184 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है जो लगभग एक लाख की आबादी वाले शहर के लिए पर्याप्त नहीं है। नगर की सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए नपा द्वारा २५ सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती के लिए प्रस्ताव परिषद में लाया गया है, जो जनसंख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं माना जा सकता। इसी तरह नपा को अब सफाई के लिए वाहनों की आवश्यकता है, जिससे कचरे का उठाव समय पर हो सके।
शहर के किस जोन में कितने वार्ड
नगरपालिका द्वारा इसके पहले 5 जोन बनाए गए थे, इसके बाद नई परिषद के गठन के बाद नपा ने नगर को 10 जोन में बांटा है। जिसमें जोन नम्बर 1 मे वार्ड नम्बर-1 से ५ जोन नम्बर 2 में 6 से 9 जोन नम्बर 3 में 10 से 12 बाजार क्षेत्र, जोन नंबर 4 में 13,14,18,जोन नम्बर-5 में 19 से 22 जोन नम्बर-6 में 15 से 17 जोन नम्बर -7 में 23 से 25, जोन नम्बर-8 में 26, 27, 28, 33, 34, 35 जोन नम्बर-9 में 29 से 32 और जोन नम्बर 10 में 36 से 39 वार्ड शामिल किए गए हैं।
इनका कहना है
शहडोल नगरपालिका अध्यक्ष एमएल सिंह के मुताबिक नगर के ३९ वार्डों का अलग-अलग समूह बनाकर 10 जोन बनाए गए हैं। सफाई कर्मचारी कम हैं, 25 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के लिए प्रस्ताव बनाया गया है। कचरा उठाव के लिए वाहनों की खरीदी के लिए भी प्रस्ताव बनाया गया है।