
इस अस्पताल में गर्भपात के दौरान महिला की मौत, मच गया हंगामा
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
शहडोल- शहर के जयस्तंभ में संचालित हातिमी अस्पताल में गर्भपात के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में ही हंगामा किया और जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार बेनीबारी निवासी सुशीला को डेढ़ माह का गर्भ था। जिसे परिजनों ने डॉ थारवानी को दिखाया था। जहां से डॉक्टर थारवानी ने इलाज के लिए शहर के हातिमी अस्पताल के लिए भेज दिया था। सोमवार को महिला को इलाज के लिए हातिमी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने यहां पर खून लगने की सलाह दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन के कहने पर शासकीय अस्पताल से ब्लड खरीदने के बाद अस्पताल लेकर पहुंचे तो बिना किसी जांच के मरीज को लगा दिया गया। परिजनों ने बताया कि बिना जांच के खून लगते ही हालत बिगडऩे लगी और मंगलवार की दोपहर महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने बताया कि लगातार ब्लडिंग होने की वजह से गर्भपात कराना पड़ रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार घंटे तक करते रहे इंतजार
मृतका सुशीला के पति और भाई ने आरोप लगाया है कि खून लगने के बाद लगातार हालत बिगड़ रही थी लेकिन कोई डॉक्टरों ने सुनवाई नहीं की। परिजनों ने कई बार डॉक्टरों को बुलाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
--------------------------------------
जेवरात चोरी
जैतपुर - चरोहनडोल में अज्ञात चोरों ने घर से खाद्यान सामग्री और सोने चांदी के जेवर पार कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़त प्रीतम नाथ ने बताया कि सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने घर में रखा चावल, धान और जेवर ले उड़े।