स्वच्छता कर्मियों का नपा अध्यक्ष ने किया सम्मान
शहडोल. अपने जान की बिना परवाह किए कोरोना से लड़ाई लड़ रहे नपा के सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे ने सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर के वार्ड नंबर 21 में स्वच्छता सुपरवाइजर, कचरा गाड़ी चालक परिचालक, एवं स्वच्छ्ता कर्मियों का श्रीफल एवं अंगवस्त्रम से तिलक पुष्पों द्वारा स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक, महिलाएं, युवा साथी उपस्थित रहे जिन्होंने लगातार तालियां बजाकर स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन किया एवं उनके प्रति सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि जिन स्वच्छता कर्मियों द्वारा इस कोरोना काल में भी निरंतर अपनी सेवाएं दी जा रही हैं वे निश्चित ही सम्मान के पात्र हैं आज उनकी गतिविधियों के कारण ही हमारे वार्ड और हमारा नगर साफ सुथरा रह पाता है। इस अवसर पर नगर पालिका के सभापति एवं वार्ड पार्षद महेश भागदेव ने भी स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करते हुए उनके कार्यों की और सेवाओं की सराहना की। इस अवसर पर भागदेव ने नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ अमित तिवारी,स्वच्छता निरीक्षक मोतीलाल सिंह एवं वार्ड की समस्त जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मान कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वच्छता सुपरवाइजर दुर्गेश गुप्ता, भूपेश कोहरे बंटू, आनंद यादव कल्लू एवं कचरा गाड़ी के चालक राजा कुमार, परिचालक नरेंद्र कुमार एवं स्वच्छता कर्मी अजय चौहान एवं अमित कुमार का सम्मान किया गया।