
शहडोल- घर के विवाद के बाद एक महिला ने दो साल के मासूम को जंगल ले जाकर फांसी लगा ली। मां कीलटकती लाश के सामने मासूम तीन घंटे तक बिलखता रहा। ग्रामीणों ने लाश देखकर परिजन और पुलिस को सूचना दी। घटना गोहपारू थाना क्षेत्र के खेरवा गांव के जंगल की है। प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि गीता सिंह गौड़ की गुरुवार को घर में सामान्य नोंकझोक हुई थी। इसके बाद सुबह ९ बजे महिला अपने दो साल के मासूम के साथ जंगल की ओर निकल गई। महिला काफी समय तक नहीं लौटी तो परिजनों ने पतासाजी की। इसी दौरान जंगल में पेड़ में लटकती हुई महिला की लाश मिली। पुलिस ने बताया कि काफी समय तक मासूम पेड़ में लटकती मां की लाश के सामने बिलखता रहा, बाद में परिजन मौके पर पहुंचे। देर शाम तक आत्महत्या के कारणों की पुष्टि पुलिस नहीं कर सकी है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
---------------------------
जहर खाने से महिला की मौत
सीधी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने जहर का सेवन कर लिया। पुलिस ने बताया कि सीधी गांव निवासी मंती सिंह ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। अचेत अवस्था में इलाज के लिए जयसिंहनगर अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
---------------------------
महिला की मौत
शहडोल- सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सेम्मु बैगा पति बालकरण आग से गंभीर रूप से झुलस गई थी। अचेत अवस्था में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
---------------------------
बाइकर्स पर शिकंजा
जिलेभर में पुलिस ने बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आधा सैकड़ा से अधिक चालान काटे हैं। बुढ़ार पुलिस ने गुरुवार को एक दर्जन वाहनों पर कार्रवाई करते हुए सम्मन शुल्क वसूला है। इसके अलावा मुख्यालय और कोयलांच में भी वाहन चलाते वक्त दस्तावेज न रखने वाले बाइकर्स पर कार्रवाई की है।