शहडोल

क्या कांग्रेस की गुटबाजी दूर कर पाएंगे सिंधिया

नहीं पट पा रही युवा और वरिष्ठों के बीच की खाई, गुटों में बंटी कांग्रेस को चार्ज करने फूंकेंगे कौन सा मंत्र, वरिष्ठों का भी नवागत जिलाध्यक्ष को नहीं मिल पा रहा सहयोग
2 min read
• •
Updated: 12 Jul 2018, 7:39 PM IST
congress
क्या कांग्रेस की गुटबाजी दूर कर पाएंगे सिंधिया

शहडोल। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले शहडोल में विलुप्त हो रही कांग्रेस में जान फूंकने के लिए यूथ के आईकान माने जाने वाले गुना सांसद ज्योतिरात्य सिंधिया का नगर आगमन हो रहा है। सिंधिया ब्यौहारी व जयसिंहनगर में कांग्रेसियों को चुनावी पाठ पढ़ाने के बाद शहडोल पहुंचेंगे। सिंधिया अपनी लोकप्रियता व संगठनात्मक कुशलता के दम पर यहां क्या छाप छोड़ते हैं यह तो आने वाला समय ही बताएगा। बहरहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वह यूथ कांग्रेस व जिला कांग्रेस पार्टी के बीच की जो खाई है उसे भर पाने में सफल हो पाएंगे। संगठनात्मक फेरबदल के बाद यह आस जगी थी कि कांग्रेस को जिले में मजबूती मिलेगी लेकिन ऐसा कहीं नजर नहीं आ रही है। स्थितियां आज भी जस की तस हैं। कांग्रेस के सभी दिग्गज जहां अलग-अलग भागते नजर आ रहे हैं। वहीं युवक कांग्रेस एनएसयूआई के साथ मिलकर अपनी ही पार्टी के वरिष्ठों को मात देने में लगी हुई है।


इनका क्या होगा
जिला कांग्रेस कमेटी अपने आप में ही पूर्ण नजर नहीं आ रही है। पार्टी के ऐसे कई दिग्गज हैं जो संगठनात्मक बदलाव के बाद भी कटे-कटे नजर आ रहे हैं। दिखावा कुछ भी करें लेकिन दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने जो संगठनात्मक ढांचे की कल्पना की है वह कैसे पूरा हो पाएगा। ऐसे में ज्योतिरादित्य के समक्ष सबसे पहले अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की चुनौती का सामना करना होगा तभी वह किला फतह करने में सफल हो पाएंगे।
अपनों की अपनों से बगावत
जिला कांग्रेस कमेटी व यूथ दोनों ही इस समय रेलवे की पटरी के समान चल रहे हैं। दोनो भले ही कांग्रेस के लिए ही काम कर रहे हों लेकिन दोनों का मेल मिलाप कहीं पर नहीं है। आलम यह है कि इन दिनों अपने ही अपनों के सामने खड़े हो गए हैं। यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई की जुगलबंदी के सामने जिला कांग्रेस कमेटी फीकी पड़ती नजर आ रही है। अगर यह कहा जाए कि एक ही पार्टी के दोनो धड़ो में वर्चस्व को लेकर शीत युद्ध प्रारंभ हो गया है तो यह गलत नहीं होगा।


क्या गुटबाजी से मिलेगी आजादी
जिले में कांग्रेस को चार्ज करने के लिए सिंधिया के दौरे को अहम माना जा रहा है। देखना यह है कि आजाद के नेतृत्व वाली जिला कांग्रेस कमेटी को सिंधिया का यह दौरा गुटबाजी से आजादी दिला पाता है कि नहीं। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष ज्योदिरादित्य संभाग के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होंगे व उनके समक्ष चुनावी रणनीति व संगठनात्मक मुद्दों को लेकर चर्चा करेंंगे। उनकी यह चर्चा कांग्रेस में कितनी ऊर्जा का संचार करता है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

Published on: