शाजापुर

फिर शुरू हुआ शीतलहर का प्रकोप, 6.8 डिग्री गिरा तापमान

मौसम विभाग ने कहा और कम होगा तापमान, तीन दिन जारी रहेगी कड़ाके की सर्दी, उत्तर पश्चिम में हुई बर्फबारी का असर,

2 min read
Jan 09, 2020
फिर शुरू हुआ शीतलहर का प्रकोप, 6.8 डिग्री गिरा तापमान

शाजापुर.
दो दिनों की राहत के बाद एक बार फिर सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जिससे दिन में भी लोगों के हाथ कंपकंपाने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर शहर में देखने को मिल रहा है। अचानक मौसम में परिवर्तन आने से दिन के तापमान में जहां ६.४ डिग्री की गिरावट हुई वहीं रात के तापमान में ६.८ डिग्री तक तापमान गिर गया। इधर मौसम विभाग ने शुक्रवार को तापमान में और गिरावट होने का अंदेशा जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक तीन दिन कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी।
बता दें कि नए साल की शुरूआत से ही लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी हुई और बुधवार तक न्यूनतम तापमान १५ डिग्री के ऊपर पहुंच गया था। लेकिन उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने एक बार फिर मौसम को पूरी तरह से सर्द बना दिया। जिससे दिन और रात के तापमान में ६ डिग्री से अधिक की गिरावट २४ घंटे मेंं हो गई। ठंडी हवाओं के चलते दिन में भी लोगों की ठिठुरन जारी रही। शाम होते-होते सर्द हवाएं तेज हो गई। जिससे जगह-जगह अलाव जलने लगे। दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। गुरुवार को न्यूनतम तापमान ८.५ डिग्री रहा, तो अधिकतम तापमान १९.५ डिग्री पर पहुंच गया। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान १५.३ और अधिकतम तापमान २५.९ दर्ज किया गया था।
तीन दिन सताएगी सर्द हवाएं
मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्रकुमार धनोतिया ने बताया कि उत्तर-पश्चिम में हो रही बर्फबारी के चलते सर्दी का असर बढ़ गया है। उत्तरी हवाएं तेजी से आ रही है। जिससे तापमान में गिरावट हो रही है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिनों तक इस सर्दी का असर रहेगा। इसके बाद पुन: तापमान में बढ़ोतरी होगी।
८ किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ठंडी हवाएं
सर्द हवाओं के चलते शहरवासी एक बार फिर ठिठुरने लगे हैं। गुरुवार को दिनभर ८ किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रही। इधर दो दिनों की राहत के बाद लोगों ने पुन: सर्दी से बचने के जतन शुरू कर दिए हैं।

Published on:
09 Jan 2020 09:52 pm
Also Read
View All