28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में बाइक से बांधकर समधी ने बुजुर्ग को घसीटा, लोग चिल्लाए-‘अरे, मर जाएगा’

mp news: लग्न लाने का कहकर बुजुर्ग को अपने साथ बाइक पर लेकर गया था समधी, घटना का वीडियो भी वायरल।

2 min read
Google source verification
shajapur

elderly man dragged by bike viral video

mp news: मध्यप्रदेश के शाजापुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के सिरोलिया गांव के रहने वाले एक बुजुर्ग को उसके ही समधी ने बाइक से बांधकर घसीटा और मारपीट की है। बाइक से घसीटने के बाद जब बुजुर्ग अधमरा हो गया तो आरोपी समधी उसे घायल हालत में ही मौके पर छोड़कर अपने एक साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। बुजुर्ग को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

लग्न लाने का कहकर समधी ले गया था साथ

सिरोलिया गांव के रहने वाले बुजुर्ग मांगीलाल को शुक्रवार दोपहर को उनके घर से समधी देवीलाल लग्न लाने का कहकर बाइक से राजगढ़ जिले के भैंसवा माता मंदिर ले गया था। वहीं पर मांगीलाल के साथ समधी देवीलाल ने बर्बरता की। बुजुर्ग मांगीलाल के पैर बाइक से बांधकर आरोपी समधी देवीलाल ने निर्दयतापूर्वक उसे घसीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को बाइक से बांधकर घसीटते वक्त का वीडियो बनाया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो शराब ठेके के पास का है और उसमें साफ दिखाई दे रहा है समधी ने वृद्ध को बाइक से रस्सी से बांध रखा है और वृद्ध अधमरी हालत में पड़ा हुआ है।

लोग बोले- मर जाएगा, तब छोड़ा

वीडियो में लोग उसे समझाते नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं अब बाइक से मत घसीटो,मर जाएगा। उसके बाद समधी देवीलाल ने मांगीलाल को बाइक से रस्सी खोलकर अलग किया। लेकिन फिर दोनों हाथ पकड़कर मांगीलाल को एक बार फिर से बेरहमी से जमीन पर घसीटा। इसके बाद आरोपी समधी देवीलाल अपने एक साथी के साथ बाइक से मौके से जाता भी वीडियो में दिख रहा है। घटना के बाद घायल हालत में पड़े मांगीलाल की जेब से मोबाइल निकालकर लोगों ने परिवार वालों को सूचना दी। जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायल मांगीलाल को अस्पताल पहुंचाया। अभी तक इस मामले में पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।

परिजन ने बताई पूरी घटना

परिजन शंकरलाल ने बताया शुक्रवार दोपहर 12 बजे समधी देवीलाल आया और मांगीलाल से कहा लग्न लेने के लिए भैंसवा माता मंदिर चलना है। उन्होंने मना किया घर पर हवन चल रहे हैं लेकिन समधी नहीं माना और उन्हें साथ लेकर गया। वहां जाकर साथ मिलकर शराब पी और उसके बाद बाइक से बांधकर इन्हें घसीटा। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाया। जेब से मोबाइल निकालकर हमें सूचना दी, हम वहां पहुंचे और वहां की पुलिस ने कहा मक्सी थाने पर ले जाओ। पुलिस वाहन में मक्सी थाने पर लाए, यहां से पुलिस ने कहा जिला अस्पताल में उपचार कराओ, वहां प्रकरण दर्ज हो जाएगा।