शाजापुर

बच्चों को बताया रंगों का महत्व, कौटिल्य में धूमधाम से मनाया होली पर्व

रंगों के महत्व को समझा, परंपरा से जुड़ी सीख
less than 1 minute read
Feb 27, 2026
परिसर में बनाई होलिका, रंग-गुलाल से सराबोर रहे बच्चे
परिसर में बनाई होलिका, रंग-गुलाल से सराबोर रहे बच्चे

शाजापुर. एबी रोड स्थित कौटिल्य एज्यूकेशन एकेडमी में शुक्रवार को होली पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रंगों का महत्व, होली मनाने की परंपरा और एक-दूसरे को रंग लगाने के पीछे छिपे सामाजिक संदेश के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यालय परिसर में सांकेतिक रूप से होलिका सजाई गई, जिससे बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराया गया। पूरे दिन बच्चों के चेहरों पर गुलाल के रंग और खुशियों की चमक देखने को मिली।

होलिका-प्रह्लाद कथा से मिली नैतिक शिक्षा

विद्यालय संचालिका शशि यादव ने विद्यार्थियों को होलिका और भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि होलिका को अग्नि से न जलने का वरदान प्राप्त था, लेकिन जब उसने उसका दुरुपयोग कर प्रह्लाद को जलाने का प्रयास किया तो वह स्वयं भस्म हो गई। इस प्रसंग के माध्यम से बच्चों को संदेश दिया गया कि सदैव अच्छे कार्य करें, दूसरों की सहायता करें और किसी का उपहास न उड़ाएं। विद्यालय संचालक ब्रजेश यादव ने भी मिल-जुलकर रहने, सहयोग की भावना विकसित करने और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने भी सदाचार का संकल्प लिया।

रंग-गुलाल और पिचकारी से मनाया उत्सव

कार्यक्रम के अंतर्गत सांकेतिक होलिका दहन किया गया। इसके बाद शिक्षिकाओं ने नन्हे विद्यार्थियों के साथ रंग-गुलाल लगाकर पर्व मनाया। बच्चों ने पिचकारी से एक-दूसरे पर रंग डालकर उत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर प्राचार्य नरेंद्रसिंह डोडिया, उप प्राचार्य रामकृष्ण पाटीदार, पंकज यादव, आर्यन यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरा परिसर रंगों से सराबोर होकर उल्लासमय वातावरण में बदल गया।

Updated on:
27 Feb 2026 09:28 pm
Published on:
27 Feb 2026 09:28 pm