शाजापुर

अभी और चाहिए चीलर बांध को पानी, तभी हो पाएगी रबी सीजन में सिंचाई

सावन से बंधी किसानों को आस, पिछले साल नहीं मिला था रबी सीजन सिंचाई के लिए पानी, चीलर बांध में अभी 12 फीट पानी
2 min read
• •
Updated: 2 Aug 2018, 9:42 PM IST
patrika
अभी और चाहिए चीलर बांध को पानी, तभी हो पाएगी रबी सीजन में सिंचाई

शाजापुर.
इस बार आषाढ़ माह में जिलेभर में अच्छी बारिश हुई। जिसके कारण जिलेभर में मुख्य रूप से बोई जाने वाली सोयाबीन की फसल लहलहा रही है। इधर चीलर बांध में भी १२ फीट पानी जमा हो गया, जो शहरवासियों की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त हैं। लेकिन चीलर बांध में जमा १२ फीट पानी से आगामी रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़ा जाएगा। सिंचाई के लिए पानी छोडऩे के लिए चीलर बांध में अभी और पानी की आवश्यकता है। ऐसे में किसानों को अब सावन माह में उम्मीद है कि पर्याप्त बारिश होगी तो रबी सीजन में सिंचाई के लिए भी पानी मिल सकेगा। लेकिन मौसम अभी तक सावन माह के चार माह बीतने के बाद भी बारिश नहीं हुई है। दिन में तेज धूप निकल रही है। मौसम विभाग भी अंदेशा जता रहा है कि सावन के पहले पखवाड़े बारिश की संभावना नहीं है। बारिश इस खेंच से चीलर में पानी मात्रा लगभग 10 अगस्त तक बढऩे की उम्मीद नहीं है।
बता दें कि पिछले वर्ष जिलेवासियों को अल्पवर्षा झेलनी पड़ी थी। जिसके चलते बारिश के अंतिम दिनों में चीलर बांध में साढ़े 12 फीट ही पानी जमा हो सका था। ऐसे में पेयजल समस्या को देखते हुए डैम का पानी पेयजल के लिए रिजर्व रखा गया था और डैम से सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़ा गया था। इस बार भी चीलर बांध में १२ फीट पानी जमा है, लेकिन आगामी बारिश से उम्मीद लगाई जा रही है कि डैम में पानी सिंचाई के लिए पानी जमा हो जाएगा। अभी बारिश के सावन और भादो दो माह शेष है। हालांकि मौसम विभाग ९-१० अगस्त तक बारिश होने की संभावना से इंकार कर रहा है। ऐसे में सावन का एक पखवाड़ा बीत जाएगा। इसके बाद आधा सावन और भादो माह में डैम में पर्याप्त पानी आने की उम्मीद लगाई जा सकती है। चीलर बांध में १६ फीट पानी भी जमा हो जाता है तो किसानों को एक बार पानी दिया जा सकता है।

सूखा रहेगा सावन, भादो से उम्मीद
मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्रकुमार धनोतिया के मुताबिक ९-१० अगस्त को बारिश होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में १-२ इंच ही बारिश की उम्मीद है। यानी मौसम विभाग सावन माह में कम ही बारिश के आसार बता रहा है। इसके बाद भादौ माह सितंबर में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान चीलर बांध में पानी बढऩे की भी उम्मीद है।

३७ गांवों को मिलता है सिंचाई के लिए पानी
चीलर बांध में दांई और बांई दो नहरों से क्षेत्र के ३७ गांवों को पानी छोड़ा जाता है। जिससे ५२३८ हैक्टेयर भूमि की सिंचाई होती है। पिछले वर्ष चीलर बांध से पानी मिलने पर रबी सीजन में इस क्षेत्र बोवनी प्रभावित हुई थी। चीलर बांध की दायी नहर से सांपखेड़ा, मझानिया, बज्जाहेड़ा, लखमनखेड़ी, भरड़, टुकराना, छापीहेड़ा, लोहरवास, बनाखेड़ी, दिलोदरी, छतगांव, चौसला आदि गांवों में पानी दिया जाता है। वहीं बांई नहर से मूलीखेड़ा, गिरवर, शाजापुर, पतोली, भदोनी, सतगांव, हरणगांव, नरण गांव, नारायण गांव, शंकरखेड़ा, गवलियाखेड़ी, रागबेल, टूंगनी आदि गांवों में पानी दिया जाता है।

इनका कहना
चीलर बांध में अभी १२ फीट पानी है। आगामी बारिश में डैम में पानी बढऩे की संभावना है। पर्याप्त पानी रहा तो सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा।
- आरसी गुर्जर, सबइंजीनियर सिंचाई विभाग

Published on: