शाजापुर

यूजीसी की नई गाइडलाइन के विरोध में सड़कों पर उतरेगी करणी सेना

Shri Rajput Karni Sena to Protest Against UGC Guidelines in Shajapur

less than 1 minute read
Feb 20, 2026

शाजापुर. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग University Grants Commission (यूजीसी) की नई गाइडलाइंस के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना ने 22 फरवरी को व्यापक विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह राघव ने आंदोलन की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में उठी समान अवसर की मांग

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष राघव ने कहा कि शिक्षा और रोजगार में चयन का आधार केवल योग्यता होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग को केवल जन्म के आधार पर पीछे नहीं रखा जाना चाहिए। संगठन का मत है कि आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की आवाज उठाने का आह्वान किया।

मां राजराजेश्वरी मंदिर से शुरू होगी रैली

जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में करणी सेना के कार्यकर्ता 22 फरवरी को प्रातः 10 बजे मां राजराजेश्वरी मंदिर पर एकत्रित होंगे। यहां से दोपहर 12 बजे रैली के रूप में टंकी चौराहा स्थित पुरानी मंडी पहुंचेंगे, जहां सभा आयोजित की जाएगी। सभा में संगठन के पदाधिकारी यूजीसी एक्ट और केंद्र सरकार द्वारा जारी नई गाइडलाइन पर अपने विचार रखेंगे। संगठन का कहना है कि यह गाइडलाइन सभी वर्गों के हितों को प्रभावित कर सकती है, इसलिए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। प्रदर्शन में करणी सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Published on:
20 Feb 2026 09:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर