
श्योपुर। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के रेस्ट हाउस पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी नरेंद्र वैष्णव के साथ पूर्व सह मीडिया प्रभारी रोहित अग्रवाल ने न केवल मारपीट कर दी बल्कि गाली गलौच कर दी। इसके बाद दोनों में हाथापाई भी हुई,लेकिन अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया। विवाद में वैष्णव के हाथ में फ्रेक्चर भी हो गया। वहीं घटना को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.गोपाल आचार्य ने रोहित अग्रवाल को पार्टी की सदस्यता से बर्खास्त कर दिया।
घटनाक्रम के मुताबिक दौरे के दौरान तोमर दोपहर 12 बजे के आसपास पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे, तभी बाहर कैंपस में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नरेेंद्र वैष्णव और पूर्व सह प्रभारी रोहित अग्रवाल के बीच में तोमर की प्रेस कॉन्फ्रेंस की सूचना जारी किए जाने को लेकर मुंहवाद हो गया।
बताया गया है कि पार्टी नेताओं वैष्णव को सूचना देने के लिए कहा था,लेकिन पद नहीं होने के बाद भी अग्रवाल ने कई मीडियाकर्मियों को इसकी जानकारी दे दी। इसी बात को लेकर दोनों का विवाद बढ़ गया और अग्रवाल ने वैष्णव के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन्हें जमीन पर पटक दिया।
हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया, लेकिन इसमें वैष्णव के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहीं अग्रवाल ने मामले को लेकर स्वयं की ओर से कोतवाली में थाने में आवेदन दिया। जबकि पार्टी ने अग्रवाल को सदस्यता से ही बर्खास्त कर दिया।