
श्योपुर. कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के बीच किसान संगठनों द्वारा 8 दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद के तहत किसानों द्वारा श्योपुर भी बंद कराया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले बुलाए गए श्योपुर बंद को कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों और संगठनों ने भी समर्थन दिया है।
भारत बंद के आह्वान के तहत संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले श्योपुर में किसान सुबह 9 बजे पटेल चौक पर एकत्रित होंगे और यहां रैली के माध्यम से शहर के बाजारों में घूमेंगे और बाजार बंद कराएंगे। राष्ट्रीय किसान संगठन, भारतीय किसान संघ, किसान स्वराज संगठन आदि ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। वहीं टे्रड यूनियनों से बंद को समर्थन देने की मांग की है। इसके साथ ही कांग्रेस ने भारत बंद को समर्थन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अतुल चौहान ने बताया कि भारत बंद को कांग्रेस का समर्थन है और बंद को सफल बनाने के लिए हम किसानों के साथ हैं। इसके साथ ही बसपा, ऑटो यूनियन आदि ने भी बंद को समर्थन दिया है।
बाइक से दिल्ली पहुंचे श्योपुर के किसान
दिल्ली किसान आंदोलन में भागीदारी करने के लिए यूं तो पिछले दिनों दो सैकड़ा किसान ट्रकों और ट्रॉलियों के माध्यम से दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन सोमवार को जिले के चार युवा किसान मोटरसाइकिल से साढ़े चार सौ किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंच गए। जानपुरा निवासी युवा किसान उत्तम सिंह और गुरुप्रीत सिंह अपनी एक बाइक से रविवार की दोपहर 3 बजे श्योपुर से रवाना हुए और रात 2 बजे दिल्ली पहुंच गए।