श्योपुर

सीएम को पसंद आया श्योपुर की बेटी का मल्टीपर्पस चूल्हा

चूल्हे की यह खासियत देख सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शिक्षामंत्री के जरिए इस मॉडल को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल में ही रखवा दिया है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 3:22 PM IST
multipurpose stove

श्योपुर. भोपाल में आयोजित हुई ४४ वीं जवाहर लाल नेहरु राष्ट्रीय विज्ञान,गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में शामिल हुई श्योपुर जिले की बेटी रीना प्रजापति का मल्टीपर्पस चूल्हे का मॉडल सीएम शिवराज सिंह चौहान को पसंद आ गया है। इसलिए सीएम ने रीना के मॉडल को शिक्षा मंत्री विजय शाह के द्वारा माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल में रखवा दिया है।
श्योपुर के शासकीय उत्कृष्ट स्कूल की कक्षा 11 वीं की छात्रा रीना प्रजापति बीते रोज भोपाल में आयोजित हुई आठ दिवसीय प्रदर्शनी में अपने मल्टीपर्पस चूल्हे के मॉडल के साथ शामिल हुई। रीना ने यह मल्टीपर्पस चूल्हे का मॉडल विज्ञान के शिक्षक रोशन गर्ग के मार्गदर्शन में तब तैयार किया,जब वह पिछले साल शासकीय हाईस्कूल रायपुरा में दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। रीना के चूल्हे की खास बात यह है कि इसमें चावल की धान और कोयले को जलाकर कम धुएं में खाना पकाया जा सकता है। इसमें एक तरफ खाना पकता है तो दूसरी तरफ चूल्हे के लेयर के बीचोबीच पांच लीटर पानी गर्माहट से गर्म होता जाता है।

चूल्हे में ही टोटी लगी है। जिससे पानी ले सकते है। पानी नहीं लेने पर यह वाष्प में परिवर्तित होकर आसुत जल (डिस्टिल वॉटर) के रूप में एक पाइप में होकर एक बोतल में जमा हो जाता है। चूल्हे की यह खासियत देख सीएम शिवराज सिंह चौहान, रीना के मॉडल के मुरीद हो गए। सीएम ने शिक्षामंत्री के जरिए इस मॉडल को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल में ही रखवा दिया है। वहीं इसके बदले छात्रा को ५ हजार रुपए का चैक भी दे दिया। ताकि वह ये मॉडल फिर से तैयार कर सके।


यूट्यूब पर भी छाया मॉडल
छात्रा रीना प्रजापति का यह मॉडल दिल्ली से निकलने वाली बायो मैक्जीन को भी रास आ गया है। इसलिए उसने रीना के मॉडल का विडियो यूट्यूब पर लांच कर दिया है।


गरीब के बीच हो रही रीना की पढ़ाई
छात्रा रीना यूं तो पढऩे में होशियार है। मगर वह गरीब के बीच पढ़ रही है। उसकी मां सब्जी की दुकान लगाकर घर का खर्चा चला रही है। इसलिए रीना पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामकाज भी मातापिता का हाथ बटा रही है।

Published on: