
श्योपुर। लंबे इंतजार के बाद अंतत: चंबल संभाग के श्योपुर में मानसून की दस्तक शुरू हो गई है। सुबह से ही आसमान पर बादल छाने के बाद दिन में कई बार रिमझिम बारिश हुई। हालांकि शहर में दिनभर तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में कई जगह झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
शहर में मानसून के पहले दिन की बारिश 7 मिमी दर्ज की गई और मौसम प्रेक्षक ने अभी दो-तीन दिन में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। अमूमन श्योपुर में में 20 से 25 जून के बीच मानसून की आवक हो जाती है, लेकिन इस बार प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद बीच में ठिठक गया, लिहाजा श्योपुर में मानसून में देरी हो गई।
यही वजह रही कि गत वर्ष 27 जून को मानसून की आवक हो गई थी, लेकिन इस बार एक सप्ताह बाद बुधवार 3 जुलाई को मानसून आया है। इसी के तहत सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास ही शहर सहित जिलेभर के आसमान पर घने बादल छाए गए और रिमझिम बारिश शुरू हेा गई।
हालांकि बीच में मौसम साफ हुआ और धूप भी निकली, लेकिन दोपहर तीन बजे बाद फिर से बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही गिरधरपुर, मानपुर क्षेत्र में आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत ली है। हालांकि इससे उमस भी बढ़ गई है।मौसम प्रेक्षक रमेशचंद शर्मा ने बताया कि श्योपुर में मानसून आ गया है। इस बार मानसून 3 जुलाई को आया है और अब दो-तीन दिन तक अच्छी बारिश की संभावना है।