
शिवपुरी. नवागत एसपी राजेश सिंह के प्रभार संभालते ही जिले में नशे की एक बड़ी खेप दिनारा पुलिस ने पकडऩे में सफलता हासिल की। मंगलवार की शाम को दिनारा पुलिस ने ट्रक में छुपाकर ले जाया जा रहा 92 किलो गांजा सहित चार लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीसी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने मीडिया को बताया कि मंगलवार को थाना प्रभारी दिनारा कैलाश नारायण शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि मान सरोवर होटल के पास हाईवे किनारे एक ट्रक टाटा-1109 खड़ा है, जिसमें बडी मात्रा मे अवैध मादक पदार्थ है एवं दिनारा की तरफ आने वाला है। थाना प्रभारी ने एडीशनल एसपी गजेन्द्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी करैरा आत्माराम शर्मा के मार्गदर्शन में टीम बनाकर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर रवाना किया। पुलिस ने थनरा चौकी पर पहुंच कर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की तो करीब 20 मिनट बाद एक ट्रक करैरा की तरफ से आया। पुलिस ने ट्रक को रोका तो चालक ने वाहन को भगाने की कोशिश की,लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम मलखान पुत्र ज्वाला प्रसाद राय निवासी टीला करैरा बताया। उसके अन्य तीनों साथियों ने अपने नाम मोहन सिंह पुत्र बनमाली बाढ़ई, गजेन्द्र सिंह पुत्र लखन लाल दुबे, देवेन्द्र पुत्र पूरण राय निवासीगण टीला बताए।
पुलिस ने ट्रक की जब तलाशी ली गई तो ट्रक के फर्श की चादर में लगे नटों पर संदेह होने पर नट खोलकर चादर हटा कर देखा तो नीचे बॉक्स मे सैलो टेप से पैक किए हुए गांजे के 92 पैकेट कुल गांजा 92 किलो कीमत लगभग 9 लाख 20 हजार रुपए का मिला। गांजे के साथ ट्रक (कीमत 10 लाख रुपए) एवं गांजा कीमती 9 लाख 20 हजार रुपए, कुल कीमत 19 लाख 20 हजार को जब्त कर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गांजे की खेप को पकडऩे में दिनारा थाना प्रभारी के अलावा आरक्षक दीपेन्द्र सिंह गुर्जर, अंकित सिंह, बलवीर सिंह, रामवीर सिंह, मनीष गोस्वामी, हिमाचल, सैनिक धर्मपाल सिंह की अहम भूमिका रही।
एसपी ने बदला ट्रेंड
अभी तक किसी भी अपराध के ट्रेस होने पर पकड़े जाने वाले अपराधियों के साथ पुलिस अधीक्षक व पकडऩे वाली टीम फोटो सेशन करवाते रहे हैं। आज जब गांजे के आरोपियों को कंट्रोल रूम में एसपी राजेश सिंह के पीछे ले जाकर खड़ा किया, तो एसपी कुर्सी छोडक़र उठ गए। जब उनसे कहा कि आप भी फोटो में आ जाएं, तो वे बोले कि क्रिमिनल के साथ मैं फोटो नहीं खिंचवाता। जिस पुलिस टीम ने पकड़ा, उसका फोटो सेशन करवाया गया।