
Preetam Lodhi Controversial Statement: पिछोर विधायक का महिलाओं को लेकर विवादित बयान वायरल (फोटो सोर्स- Preetam Lodhi Facebook)
Preetam Lodhi Controversial Statement: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां अपने बयानों से लगातार सुर्खियों में बने रहने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी (BJP MLA Preetam Lodhi) का एक विवादित बयान सामने आया है। पिछोर विधायक के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में फिर हलचल पैदा कर दी है। अहिल्याबाई लकी प्रतिमा को लेकर चल रही आक्रोश सभा में विधायक अपने विरोधियों पर आरोप लगाते और महिलाओं को लेकर ही अपमानजनक बयान दे दिया। प्रीतम लोधी ने कहा- 'मेरे विरोधी महिलाओं को डाक-बंगले पर भेजते हैं, मुझे पटाने के लिए।' विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खनियांधाना में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आयोजित पाल-बघेल समाज के आक्रोश आंदोलन सभा के मंच से विधायक जी ने अपनी ही 'पीड़ा' का ऐसा सार्वजनिक प्रदर्शन किया कि सुनने वाले हैरान रह गए। विधायक ने दावा किया कि राजनीतिक विरोधी उन्हें बदनाम करने सुनियोजित साजिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को भेजकर बातचीत के बहाने वीडियो बनवाने और बाद में उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें लोधी विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं कि पिछोर के डाक बंगले में महिलाओं को उनके पास भेजकर उन्हें फंसाने की कोशिश की जाती है।
सभा के दौरान विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी उन्हें धारा 376 के मामले में फंसाना चाहते हैं। उन्होंने इसे अपने खिलाफ चल रही साजिश का हिस्सा बताया। हालांकि, अपने संबोधन में विधायक ने किसी व्यक्ति का नाम लेकर यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित तौर पर इस साजिश के पीछे कौन लोग हैं। अहिल्याबाई के सम्मान में जुटे मंच पर महिलाओं को लेकर दिए गए इस अजीबो-गरीब बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सत्ताधारी दल की खूब किरकिरी हो रही है।
बता दें कि, रविवार को भी पिछोर विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे वह कृष्णवंशियों को चेतावनी देते हुए नजर आ रहे थे। रानी अवंती बाई लोधी जयंती के कार्यक्रम में विधायक प्रीतम लोधी ने कृष्णवंशियों का जिक्र करते हुए कहा था कि 99 गलतियों के बाद रुक जाना, 100वीं गलती नहीं होने देंगे, वरना भगवान कृष्ण ने जिस तरह शिशुपाल का हिसाब किया था, उसी तरह 'डेंटिंग-पेंटिंग' कर देंगे।
Updated on:
22 Aug 2026 01:59 pm
Published on:
22 Aug 2026 01:59 pm
