Shivpuri Guna highway - एमपी के शिवपुरी जिले में हाईवे पर एक बार फिर जाम लगा दिया गया। यहां चारधाम जा रहे श्रद्धालुओं से मारपीट की गई।
Shivpuri Guna highway - एमपी के शिवपुरी जिले में हाईवे पर एक बार फिर जाम लगा दिया गया। यहां चारधाम जा रहे श्रद्धालुओं से मारपीट की गई। लोगों ने टोल कर्मियों पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बस ड्राइवर के साथ ही बस में सवार यात्रियों को मारा, यहां तक कि महिलाओं तक को नहीं बख्शा। भक्तों के साथ मारपीट से गुस्साए लोगों ने टोल पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने बमुश्किल समझाइश देकर जाम खुलवाया।
इंदौर के श्रद्धालुओं का एक जत्था दो बसों में सवार होकर चारधाम की यात्रा पर निकला है। वे ओंकारेश्वर की ओर जा रहे थे तभी शिवपुरी-गुना हाइवे के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर बस को रोक लिया गया। यहां टोल कर्मचारियों से विवाद के बाद यात्रियों ने जाम लगा दिया।
बस ड्राइवर ने आरोप लगाया कि टोलकर्मी बस को ओवरलोड बता रहे थे जिसपर तोलकांटा करवाने की बात कही। टोल कर्मचारी इस बात पर गुस्सा उठे और मारपीट करने लगे। इसका विरोध करने पर महिलाओं के साथ भी मारपीट की।टोल कर्मियों की इस हरकत का विरोध करते हुए बस सवार लोगों ने हाइवे को जाम कर दिया।
विवाद और जाम की सूचना मिलते ही कोलारस पुलिस आई और अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। यात्रियों की शिकायत पर पुलिस ने चार टोल कर्मियों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज कर लिया है।