Sikar Road Accident : सीकर में एनएच 11 पर बुधवार सुबह लोक परिवहन बस व ट्रोले के बीच हुई टक्कर में 11 यात्रियों की जान गई है
सीकर. सीकर जिले में बीकानेर रोड (एनएच 11) पर बुधवार सुबह भंयकर सडक़ हादसा हुआ है, जिसमें 11 यात्रियों की मौत हो गई है। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को फतेहपुर के धानुका अस्पताल में पहुंचाया गया है। मृतकों में 7 यात्री चूरू जिले के बताए जा रहे हैं।
-राजस्थान लोक परिवहन की बस सरदारशहर से जयपुर जा रही थी।
-बस यात्रियों से भरी हुई थी और तेज रफ्तार से दौड़ रही थी।
-बस चालक ने एनएन 11 पर सीकर जिले के गांव रोहलसाहबसर के पास एक रोडवेज बस को ओवरटेक करना चाहा।
-ओवरटेक के चक्कर में लोक परिवहन बस के चालक ने रफ्तार अचानक बढ़ा दी।
-इस बीच सामने से आ रहे ट्रोले व लोक परिवहन बस में भिड़ंत हो गई।
-टक्कर इतनी जबदस्त थी कि बस का आधा हिस्सा ट्रोले के साथ ही थोड़ी दूर तक चला गया।
-सुबह आठ बजे ऐसा भयंकर सडक़ हादसा देखने वालों की भी रूह कांप उठी।
-दो हिस्सों में बंटी बस में यात्री बुरी तरह से फंस गए।
मुश्किल से निकाले जा सके शव
हादसे के बाद आस-पास के लोग और फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने शवों को बाहर निकालना शुरू किया। शुरुआत में पांच जनों की मौत का पता चला। बाद में गंभीर रूप से घायलों ने भी दम तोडऩा शुरू कर दिया और मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंच गया। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
कलक्टर-एसपी मौके पर
हादसे की सूचना मिलने पर सीकर जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल, एसपी विनित कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव फतेहपुर के धानुका अस्पताल में रखवाए गए हैं। उनकी शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अस्पताल में उमड़ी भीड़
लोक परिवहन में सुबह रोजगार के सिलसिले में सीकर जिले के फतेहपुर व रोलसाहबसर गांव के लोग बड़ी संख्या में सीकर जिला मुख्यालय आते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग घटनास्थल व धानुका अस्पताल फतेहपुर पहुंच गए।