सीकर

Rajasthan: सीकर में धर्म परिवर्तन का बड़ा खुलासा, ब्रेनवॉश कर बांटते थे किताबें; पुलिस ने 14 लोगों को पकड़ा

Religious Conversion in Sikar: राजस्थान के सीकर जिले में अवैध धर्म परिवर्तन की गतिविधियों के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित 14 लोगों को हिरासत में लिया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Aug 2025, 5:34 PM IST
फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Religious Conversion in Sikar: राजस्थान के सीकर जिले में अवैध धर्म परिवर्तन की गतिविधियों के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित 14 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की सूचना के आधार पर उद्योग नगर थाना पुलिस ने शांति नगर इलाके में की है।

दरअसल, पकड़े गए व्यक्तियों पर कच्ची बस्ती में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पैसे और अन्य प्रलोभनों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से संदिग्ध धार्मिक साहित्य और अन्य सामग्री भी जब्त की है।

विहिप की सूचना पर कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक विहिप के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा और नगर अध्यक्ष अमन कामदार ने बताया कि पिछले कुछ समय से शांति नगर और आसपास के क्षेत्रों में धर्म परिवर्तन की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। बुधवार को शांति नगर में ऐसी ही एक गतिविधि की सूचना मिलने पर विहिप ने अपने दो कार्यकर्ताओं को मौके पर भेजा।

जांच के दौरान पता चला कि दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर से आए कुछ लोग कच्ची बस्ती में रहने वाले परिवारों और बच्चों को धार्मिक साहित्य बांट रहे थे। आरोप है कि ये लोग आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशाना बनाकर उन्हें पैसे और अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

यहां देखें वीडियो-


श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में सक्रिय थे आरोपी

विहिप के कार्यकर्ताओं का दावा है कि हिरासत में लिए गए लोग पहले श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं। वहां भी इन्होंने कथित तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन करवाया था। शांति नगर में इनके द्वारा बच्चों को धार्मिक पुस्तकें बांटने और ब्रेनवॉश करने की बात सामने आई है।

विहिप ने तुरंत इसकी सूचना उद्योग नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।

पुलिस ने जब्त किया संदिग्ध साहित्य

उद्योग नगर थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक महिला सहित 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके से कुछ संदिग्ध धार्मिक साहित्य और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला पूरी तरह से धर्म परिवर्तन से जुड़ा है।

पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपियों की मंशा क्या थी। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके द्वारा बांटे गए साहित्य की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश

बता दें, शांति नगर और कच्ची बस्ती के स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग उनके क्षेत्र में आकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। हिरासत में लिए गए लोगों के पिछले रिकॉर्ड और उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

Updated on:
13 Aug 2025, 5:34 PM IST
Published on: