सीकर. एक तरफ कोरोना बीमारी और इससे आई मंदी से लोग परेशान है, दूसरी ओर सूदखोरों ने भी अपना शिकंजा तेज कसना शुरू कर दिया है।
सीकर. एक तरफ कोरोना बीमारी और इससे आई मंदी से लोग परेशान है, दूसरी ओर सूदखोरों ने भी अपना शिकंजा तेज कसना शुरू कर दिया है। राजस्थान के सीकर शहर के न्यू रोशनगंज से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिसमें एक महिला ने चार लाख रुपए लेने के बदले सात लाख रुपए चुकाने पर भी सूदखोर द्वारा ओर राशि की मांग किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि सूदखोर उसे मकान खाली करवाने की धमकी भी दे रहा है। माहिला ने मामले में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ दो बार एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई है।
यह है मामला
पीडि़त महिला ने कोतवाली थाने में सूदखोर के आतंक से परेशान होकर मुकदमा दर्ज कराया है। दौलत पत्नी मोहम्मद सलीम निवासी न्यू रोशनगंज ने रिपोर्ट दी कि अब्दुल सत्तार भाटी पुत्र हाजीलाला भाटी निवासी वार्ड नंबर-तीन से उन्होंने 2011 में बड़ी बेटी रूबीना की शादी के लिए अलग-अलग किश्तों में चार लाख रुपए उधार लिए थे। उसने मकान के दस्तावेजों लेकर 10 रुपए सैंकड़े के हिसाब से ब्याज पर रुपए दिए। लेकिन, तीन साल के बाद अब्दुल सत्तार उन पर रुपए देने के लिए दबाव बनाने लगा। उसने ब्याज लगा कर सात लाख रुपए मांगे। तब उन्होंने मां व खुद के गहने बेच कर रुपए का इंतजाम किया। कुछ रुपए इधर-उधर से लेकर सात लाख रुपए चुका दिए। लेकिन, रुपए चुकाने के बाद भी उन्होंने मकान के दस्तावेज नहीं लौटाए। कई बार कहने के बाद भी वह जल्द लौटाने की बात बोलता रहा। रुपए चुकाने के बाद भी वह ब्याज के रुपए मांग रहा है। पैसे नहीं देने पर वह मकान को खाली करने की धमकी दे रहा है। उसने मकान का पट्टा व नोटेरी खुद के पास रखे हुए हैं। परेशान होकर महिला ने एसपी सीकर को शिकायत दी। इसके बाद कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
दो बार एसपी को ज्ञापन, एएसआई पर आरोप
महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ मामले में एसपी को भी दो बार ज्ञापन सौंपा है। महिला ने एएसआई रामेश्वरलाल पर भी उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसे एएसआई रामेश्वरलाल बयान देने के नाम पर परेशान कर रहा है।