Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं घना से अति घना कोहरा छाया रहा । जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 जनवरी तक कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं घना से अति घना कोहरा छाया रहा । इस दौरान शूल सी तेज हवाएं लोगों को कंपकपाती रही। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में शीत दिन दर्ज किया गया। वहीं श्रीगंगानगर, जैसलमेर और पिलानी में अति शीत दिन दर्ज किया गया। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरूवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।
जयपुर के बाहरी इलाकों में तो 10 बजे के बाद कोहरा छंटा व धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। इसके बाद दिन भर आसमान साफ रहा। मगर, शीतलहर की चुभन के सामने धूप भी बेअसर रही। दौसा और अलवर समेत कई जिलों में तो सूर्यदेव के दर्शन ही नहीं हुए। कोहरे और शीतलहर के चलते बढी सर्दी से बचने के लिए लोग ऊनी कपड़ों व अलाव का सहारा लेते नजर आए।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 जनवरी तक कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 18 जनवरी को अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के लिए अति शीत दिन/ अति घना कोहरा का (ऑरेंज अलर्ट) अलर्ट जारी किया है। वहीं दौसा, जयपुर, सवाई माधोपुर, सीकर, बीकानेर और चूरू के लिए घने कोहरे का (येलो अलर्ट) जारी किया गया है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट में 19 जनवरी को अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के लिए अति शीत दिन/ अति घना कोहरा का अलर्ट जारी किया है। वहीं दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर और चूरू के लिए घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी को अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के लिए घना कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। 21 जनवरी को चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सीकर, झुंझुनूं, धौलपुर, भरतपुर और अलवर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है ।
इससे पहले बुधवार को राजस्थान के कई जिलों में शीत लहर एवं घने कोहरे से आम जनजीवन प्रभावित रहा। शीत लहर के साथ गिरे तापमान ने लोगों की दिनचर्या बदल दी। लोग सुबह देर तक बिस्तर में दुबके रहे। घने कोहरे से पूरे दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवा चलने से लोगो की सर्दी से धूजणी छूटती रही। लोग अलाव से तपकर सर्दी से बचाव करते नजर आए। कोहरे के चलते वाहन चालकों को परेशानी का समाना करना पड़ा।