
लाल घेरे में हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया। फोटो- पत्रिका
सीकर। नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या करने वाले झुंझुनूं के उदयपुरवाटी निवासी छात्र प्रदीप माहिच के परिवार ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ परिवार को राहुल गांधी से मिलाने लेकर पहुंचे थे। इस दौरान सीकर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया भी उनके साथ मौजूद रहा। वह करीब आधे घंटे तक राहुल गांधी के पास बैठा रहा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि परिवार का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि एक मां-बाप ने अपना बेटा खोया है और इसमें उनका कोई कसूर नहीं था। राहुल गांधी ने कहा कि प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि टूटी हुई और भ्रष्ट व्यवस्था की देन है, जिसने परीक्षा प्रणाली को माफियाओं के हवाले कर दिया है।
उन्होंने लिखा कि देश के लाखों छात्र पढ़ाई, प्रतियोगिता और भविष्य के दबाव में जी रहे हैं। जब पेपर लीक होता है तो सिर्फ एक परीक्षा नहीं टूटती, बल्कि एक बच्चे का सपना और पूरा परिवार टूट जाता है। राहुल गांधी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि भले उनकी सरकार नहीं है, लेकिन न्याय दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने छात्र की बहन के सिर पर हाथ रखकर कहा कि वह उनकी भी बहन है।
गौरतलब है कि झुंझुनूं जिले के कनिका की ढाणी निवासी प्रदीप माहिच सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। परीक्षा रद्द होने के बाद वह गहरे सदमे में चला गया था। 15 मई को उसने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
वहीं हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया उर्फ जोया सरकार के खिलाफ हत्या, मारपीट, लूट, धमकी, राजकार्य में बाधा और गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के नाम पर धमकी देने सहित 14 संगीन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। राजेश के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2004 में सीकर कोतवाली थाने में दर्ज हुआ था।
करीब दो साल पहले एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने रोहित गोदारा के दो गुर्गों को सीकर से गिरफ्तार किया था। उस समय गिरफ्तार किए गए सुरेन्द्र सिंह और राजेश जोया काफी समय से रोहित गोदारा के लिए सक्रिय होकर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शेखावाटी क्षेत्र के लोगों की जानकारी और मूवमेंट गैंग तक पहुंचाते थे।
Updated on:
28 May 2026 08:12 pm
Published on:
28 May 2026 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
