
साहवा.भारतीय किसान संघ साहवा तहसील कार्यकारिणी की मासिक बैठक शुक्रवार को स्थानीय गायत्री शक्ति पीठ परिसर में तहसील अध्यक्ष बनवारी लाल गील की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों पर मंथन कर सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दे उठाने का निर्णय लिया गया।
तहसील मंत्री एडवोकेट हजारी राम सैनी ने बताया कि खरीफ 2025 में खराब हुई मूंग व मोठ की फसल का किसानों को बीमा क्लेम दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा हरियाणा सरकार की तर्ज पर गोपालन और जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए गोपालकों को प्रतिवर्ष 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित करने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जैविक खाद नि:शुल्क उपलब्ध करवाने की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही गत माह की बैठकों में लिए गए प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों पर प्रभावी कार्रवाई का दबाव बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में स्थानीय समिति अध्यक्ष हेतराम लिखाला, गोसेवक एमपी सैनी, हंसराज सहारण, हरिराम मिस्त्री, रामस्वरूप जोशी, बलाराम सैनी, सुभाष भांभी, प्रभुराम भगत, सीताराम, जयप्रकाश भांभी सहित संघ के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।