
Rajasthan Roadways AC Bus- फोटो पत्रिका
Rajasthan Roadways: सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के यात्रियों के लिए राजस्थान रोडवेज ने दो नए इंटरस्टेट रूट शुरू करने की तैयारी की है । सीकर से उज्जैन ( मध्य प्रदेश ) और अम्बाजी ( गुजरात ) के लिए राजस्थान रोडवेज की बसें संचालित की जाएंगी । दोनों रूट का सर्वे पूरा हो चुका है और उच्चाधिकारियों से मंजूरी भी मिल गई है। अच्छी बात है कि यात्रियों को इन मार्गों पर एयरकंडीशन बस की सुविधा मिलेगी ।
इन एसी बस सेवाओं के शुरू होने से सीकर और आसपास के यात्रियों को उज्जैन और अम्बाजी जाने और आने के लिए दूसरे शहरों से बस बदलने या निजी बसों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा । खासकर धार्मिक यात्रियों को सीधी बस सेवा का फायदा मिलेगा । परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी सफर अधिक सुविधाजनक और आरामदायक होगा । वहीं सीकर से दूसरे राज्यों के प्रमुख धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी । साथ ही एसी बस में लंबी दूरी का आरामदायक सफर हो सकेगा ।
उज्जैन महाकाल मंदिर और अम्बाजी शक्तिपीठ देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हैं । सीकर सहित शेखावाटी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग इन धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं । सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय और अतिरिक्त किराए का खर्च बचेगा ।
बुजुर्ग और महिला यात्रियों को बस बदलने की परेशानी से भी राहत मिलेगी । फिलहाल इन शहरों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को कई बार कनेक्टिंग बस या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है । रोडवेज की सीधी एसी बस मिलने से यात्रियों के पास परिवहन का एक और भरोसेमंद विकल्प होगा । इससे निजी बस ऑपरेटरों पर निर्भरता भी कम हो सकती है ।
रोडवेज डिपो की ओर से सीकर से सीधे उज्जैन और अम्बाजी के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जाएगी । इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को कनेक्टिंग बस नहीं लेनी पड़ेगी । दोनों मार्गों का सर्वे पूरा कर उच्च स्तर पर मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। अब संचालन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बस सेवा शुरू की जाएगी ।
Updated on:
14 Aug 2026 04:06 pm
Published on:
14 Aug 2026 04:06 pm
