
सीकर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहायक निदेशक ने प्रदेशभर से चिकित्सकों की बायोमेट्रिक हाजिरी की जानकारी मांगी है। रिकॉर्ड की सूची आने के बाद कम उपस्थिति वाले चिकित्सकों को जयपुर मुख्यालय बुलाया जाएगा। यहां उनसे जवाब-तलब कर ड्यूटी से गायब रहने पर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश में पहली बार जिला अस्पताल व बाकी स्वास्थ्य केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन लगाई गई थी। ताकि हाजिरी के बाद ड्यूटी से गायब होने वाले चिकित्सकों का पता लगाया जा सके और समय पर मौजूद रहने के लिए उन्हें पाबंद किया जा सके।
निरीक्षण में नदारद
स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में कई बार सामने आया है कि मौके पर चिकित्सक व स्टाफ गायब मिलते हैं। अधिकारियों के अनुसार बायोमेट्रिक हाजिरी के रिकार्ड के साथ ऐसे चिकित्सक व स्टाफ की जानकारी भी भिजवाई जाएगी। जो कि, निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर नहीं मिले और क्या-क्या उन्होंने जवाब पेश किए हैं।