सीकर

बिस्तरों के नीचे छुपा रखी थी शराब, बिना लाइसेंस चला रहा था अवैध बिक्री

आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब की बिक्री का बेचान करते भगेगा निवासी मूलचंद बलाई को गिरफ्तार किया है।
2 min read
• •
Updated: 7 Jun 2018, 5:43 PM IST
Illegal wine
liquor

सीकर. आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब की बिक्री का बेचान करते भगेगा निवासी मूलचंद बलाई को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग के सहायक निदेशक महिपाल सिंह शक्तावत ने बताया कि जरिए मुखबिर सूचना मिली थी कि मूलचंद अपने घर पर बिना लाइसेंस के शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। टीम जब मूलचंद के घर पहुंची तो वह भागने लगा। दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और मौके से देशी शराब के 384 पव्वे बरामद कर लिए गए। आरोपी ने शराब के पव्वे अपने बिस्तरों के नीचे छुपा रखे थे और इस पर शराब तस्करी के मामले भी दर्ज हैं।

बजरी से भरे दो ट्रोले जब्त
सीकर. पिपराली चौराहे के पास टोंक से बजरी भरकर लाते हुए दो ट्रोलों को बुधवार सुबह पांच बजे खनिज विभाग की टीम ने पुलिस थाना उद्योग नगर की मदद से जब्त किए। खनिज अभियंता रामलाल सिंह ने बताया कि दोनों ट्रोलों में 80 टन बजरी मिली है। प्रत्येक ट्रोले से एक लाख 16 हजार रुपए का चालान गुरुवार को किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में टोंक, उदयपुरवाटी, नागौर व अजमेर में केकड़ी से ज्यादा बजरी सप्लाई हो रही है। विभाग ने 24 घंटे कार्रवाई करने के लिए दो टीमें बनाई हैं। विभाग ने दिन मे अशोक कुमार अग्रवाल, भगवान सहाय व रात में पूनम गुर्जर, सुभाष चंद को जांच अभियान टीम में लगाया है।

श्रीमाधोपुर को सात साल बाद मिला सहायक कलक्टर
श्रीमाधोपुर. राज्य सरकार द्वारा राजस्व न्यायालयों में लंबित पड़े मुकदमों की भरमार को देखते हुए नवसृजित किए गए सहायक कलक्टर फास्टट्रैक के नए पद पर 7 साल बाद मीनाक्षी मीणा की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। सहायक कलक्टर फास्टट्रैक कार्यालय में पूर्व में 4 कार्मिकों की नियुक्ति कर उनके ट्रांसफर भी हो चुके हैं एवं वर्तमान में पिछले 2 साल से सहायक कलक्टर फास्टट्रैक का कार्यभार उपखंड अधिकारी श्रीमाधोपुर को दे रखा था। मीनाक्षी मीणा के आदेश हो जाने से राजस्व न्यायालयों में मुकदमो की दिन प्रतिदिन सुनवाई हो कर जनता को उनके मुकदमा से निजात मिल पाएगी। उल्लेखनीय है कि सहायक कलेक्टर फास्टट्रैक कार्यालय में राजस्व से संबंधित करीब 2000 मुकदमे काफी समय से लंबित चल रहे हैं । उक्त पद को स्वीकृत हुए 7 वर्ष हो चुके हैं। मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के श्रीमाधोपुर आगमन पर अधिवक्ता गिरधारी लाल सैनी ने सहायक कलक्टर फास्ट ट्रैक लगाने की मांग की थी।

Published on: