सीकर

अगले 120 मिनट में बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना, IMD ने दे दिया 14 जिलों में Yellow Alert

Rajasthan Weather Update: जयपुर, अजमेर, नागौर, झुंझुनूं, चूरू, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, पाली, राजसमंद, श्रीगंगानगर, उदयपुर, डूंगरपुर और बीकानेर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Dec 2024, 9:36 AM IST
Feature image
Photo: Patrika

IMD Yellow Alert: राजस्थान के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। जिसके बाद मौसम विभाग ने ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी कर दिया है। इसी बीच IMD ने अगले 120 मिनट यानी 2 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 14 जिलों में बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। जिसमें जयपुर, अजमेर, नागौर, झुंझुनूं, चूरू, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, पाली, राजसमंद, श्रीगंगानगर, उदयपुर, डूंगरपुर और बीकानेर जिले शामिल है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से छाए बादल गुरुवार देर रात मावठ के रूप में बरसे। सर्दी के सीजन की पहली छितराई बरसात का दौर करीब पांच मिनट तक चला। बारिश का दौर थमने के बाद देर रात आकाश में बिजली कौंधती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर सीकर, चूरू, झुंझुनूं सहित कई जिलों में हल्की बारिश संग ओले भी गिर सकते हैं। सीकर में गुरुवार को दूसरे दिन भी सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। सर्द हवाओं और कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। कई लोगों ने दिन में ही अलाव तापे।

शाम ढलते ही सर्दी का प्रभाव और बढ़ गया। लोग घरों में गर्म कपड़ों, स्वेटर और मफलरों में लिपटे रहे। दिन में भी लोगों ने अलाव तापकर सर्दी भगाने का प्रयास किया। शाम होते ही बाजार सहित सड़कों पर चहल-पहल कम होने लगी। जरूरी कामों के लिए ही लोग बाहर निकले।देर रात को छितराई बारिश हुई। बारिश के बाद किसानों में मावठ की उम्मीद जागी। किसानों की माने तो रबी की फसलों को मावठ का पानी मिलने से उत्पादन में बढ़ोतरी तय हे। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री व अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री और सीकर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री व अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया।

अब आगे क्या

मौसम विभाग ने नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 48 घंटे में 20 जिलों में घना कोहरा छाने और कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। विक्षोभ के असर से 27 दिसंबर को सीकर, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान कई जगह हल्की से मध्यम वर्षा व कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। 28 दिसंबर से राज्य के कुछ भागों में घना कोहरा छाएगा। इसका असर माह के अंतिम दिन तक रहने के आसार है।

Updated on:
27 Dec 2024, 9:36 AM IST
Published on: