सीकर

अमृतं जलम् अभियान: अमृतरूपी बरसाती पानी के संचय के लिए हर कोई बहाता नजर आया मेहनत की बूंदे, देखे तस्वीरें

सीकर में अमृतरूपी बरसाती पानी के संचय के लिए हर कोई मेहनत की बूंदे बहाता नजर आया।

3 min read
May 13, 2018

सीकर.

कोई फावड़े से मिट्टी खोद रहा था तो कोई मिट्टी से भरी तगारी उठा रहा था। कोई झाडू लगा रहा था तो कोई उत्साह के साथ मिट्टी को ट्रैक्टर ट्रॉली में भर रहा था। अमृतरूपी बरसाती पानी के संचय के लिए हर कोई मेहनत की बूंदे बहाता नजर आया। श्रमदान का समय सुबह छह से सात बजे का था, लेकिन श्रमदान कर भगीरथ बनने के लिए अनेक उत्साही युवा साढ़े पांच बजे ही पहुंच गए।

चमक उठा सेठों का जोहड़ा

लक्ष्मणगढ़. कस्बे के निकट स्थित सेठों का जोहड़ा में सुबह पांच से आठ बजे तक तीन घंटे तक श्रमदान किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर रणवा, एसडीएम अनिल महला,पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश जोशी, तोदी कॉलेज के सचिव आसकरण शर्मा व प्राचार्य नगेन्द्र सिंह नाथावत सहित करीब पांच सौ लोगों ने श्रमदान किया।

गालव कुंड पर दिखाया उत्साह
नीमकाथाना. गणेश्वर स्थित गालव कुंड पर अल सुबह से श्रमदान किया गया। सरपंच प्रतिनिधि छाजूराम यादव ने अभियान की शुरुआत की। तीन घंटे चले श्रमदान में अरावली शिक्षण संस्थान, समाजसेवी व स्काउट गाइड सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने कीचड़ से भरे कुंड को साफ कर दिया।

जोहड़े में दो घंटे बहाए पसीने
फतेहपुर. कस्बे में चूरू रोड पर स्थित भरतिया कृषि विज्ञान केन्द्र में बने मुशानिया जोहड़े की सुबह सफाई शुरू की गई। स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक श्रमदान कर पत्रिका के अभियान में अपनी भागीदारी निभाई।

जोहड़े की सफाई के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के निदेशक डॉ जुनैद अ तर, पार्षद रामावतार रूंथला, जिला कांग्रेस के पूर्व महामंत्री मुश्ताक नजमी, पार्षद गणेश चमडिय़ा, प्रिंस स्कूल के निदेशक करण सिंह जाखड़ सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

भैरूजी जोहड़ी को किया साफ

रींगस. कस्बे के सैकड़ों युवाओं ने लोकदेवता भैरू बाबा की पवित्र जोहड़ी में साफ-सफाई की। घाट के किनारों से कचरे को एकत्रित किया। अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश पारीक, पार्षद विष्णु गंगावत, अमित शर्मा, राकेश शर्मा, स्काउट सचिव विष्णु जोशी सहित अनेक संगठनों ने सहयोग किया।

राजस्थान पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान के तहत रविवार सुबह सीकर, फतेहपुर, रींगस, नीमकाथाना व लक्ष्मणगढ़ में श्रमदान के दौरान कुछ इसी प्रकार जोरदार उत्साह नजर आया। सीकर में बड़ा तालाब (माधोसागर) की सफाई का कार्य सुबह छह बजे शुरू हुआ।

करीब ढाई घंटे चले श्रमदान में सैकड़ों हाथ श्रमदान के इस यज्ञ में आहूतियां देकर पानी को सहेजने के पुण्य के भागीदारी बने। कुछ ही देर में तालाब चमक उठा। जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल ने पानी व पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस दौरान सीकर विधायक रतन जलधारी, लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीएस जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्काउट गाइड तथा अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Published on:
13 May 2018 05:25 pm
Also Read
View All