
चूरू के दो आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)
Sikar Honeytrap Case: हनीट्रैप में फंसाकर राजधानी जयपुर के एक होटल कारोबारी को सीकर बुलाने और फिर बंदूक दिखाकर बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले का उद्योग नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक लड़की सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर गिरोह बना रखा था। लड़की ने पहले कारोबारी को चंडीगढ़ मिलने बुलाया और फिर सीकर की एक निजी रेजीडेंसी के फ्लैट में बुलाया। यहां 8 से 10 युवकों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर लूटपाट की।
पुलिस के मुताबिक, होटल कारोबारी ने 18 अक्टूबर को उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि 17 अक्टूबर को संजना कल्याण नाम की लड़की ने उसे सीकर बुलाया था। लड़की पहले उसे चंडीगढ़ मिलने के लिए बुला चुकी थी। इसके बाद उसने कारोबारी को सीकर के बी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 201 में बुलाया।
कारोबारी फ्लैट पर पहुंचा तो करीब 10 से 15 मिनट बाद वहां 8 से 10 युवक आ गए। आरोपियों ने लड़की को बाहर भेज दिया। इसके बाद कारोबारी के साथ मारपीट की और उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर लूटपाट की। आरोपी सोने की चेन, अंगूठी, कड़ा, मोबाइल फोन और 25 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई वस्तुओं सहित कुल वारदात करीब 10 लाख रुपए की बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीकर शहर और निजी रेजीडेंसी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही पीड़ित के मोबाइल फोन और ऑनलाइन पेमेंट के रिकॉर्ड की जांच की गई। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस ने निरंजन उर्फ निन्जु (21) पुत्र विनोद जाट और निखिल (20) पुत्र सुरेश जाट, दोनों निवासी चूरू, को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना वर्ष 2022 में भी हनीट्रैप के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
Updated on:
27 Oct 2026, 9:56 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 9:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.