
संगीता, किरण और ओमप्रकाश। फोटो: पत्रिका
सीकर। गांवों की सरकार के सीकर जिले के दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो गई। पांच पंचायत समिति क्षेत्रों में 429 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इस बार चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मैदान में उतरे है। भाजपा ने धोद पंचायत समिति से किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री ओमप्रकाश बिजाराणिया को मैदान में उतारा है। उनके छोटे भाई की पत्नी संगीता बिजाराणिया को भी वार्ड 17 से टिकट दिया है।
पार्टी ने धोद की निवृत्तमान प्रधान सुनीता रणवा के पति मूलचंद रणवा को भी वार्ड 16 से मैदान में उतारा है। इधर धोद ग्रामीण से झीगर की सरपंच रही किरण झीगर को वार्ड 17 से मैदान में उतारा है। दांतारामगढ़ पंचायत समिति सदस्य के लिए पूर्व प्रधान गेंद कंवर को भी प्रत्याशी बनाया गया है। पलसाना में छात्रनेता मोहन गुर्जर को भी भाजपा ने मैदान में उतारा है। पहले व दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी माहौल परवान चढ़ने लगा है।
दूसरे चरण के नामांकन फॉर्म की जांच शनिवार को होगी। पहले व दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी माहौल परवान चढ़ने लगा है। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि पंचायत चुनाव के तहत प्रदेश के हिसाब से तीसरे व जिले के दूसरे चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए जिले की पांच पंचायत समितियों में नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन 246 नामांकन पत्र दाखिल हुए। जिले में नामांकन प्रक्रिया के दौरान 455 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 429 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है। उन्होंने बताया कि तृतीय चरण में पंचायत समिति दांतारामगढ़ के 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 84 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
पंचायत समिति धोद में 19 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 96 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पंचायत समिति धोद ग्रामीण में 21 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 101 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पंचायत समिति खाचरियावास में 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 78 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पंचायत समिति पलसाना में 19 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 96 नामांकन पत्र दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा शनिवार सुबह ग्यारह बजे से होगी। इसके बाद अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
भाजपा व कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिले के आखिरी दिन तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई। भाजपा, कांग्रेस, माकपा व रालोपा सहित अन्य दलों की ओर से आखिरी समय पर प्रत्याशियों की घोषणा कर सीधे सिम्बल दिए गए। कई वार्ड में दावेदारों की संख्या अधिक होने की वजह से शुक्रवार दोपहर तक पेंच फंसा रहा।
दूसरे चरण के लिए आरएलपी ने 34 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे है। आरएलपी चुनाव संचालन समिति के सदस्य हरि नागा ने बताया कि खाचरियाबास पंचायत क्षेत्र में सात, दांतारामगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में पांच, धोद ग्रामीण में छह, धोद पंचायत समिति में पांच व पलसाना में 11 प्रत्याशी मैदान में उतारे है।
धोद, दांतारामगढ़, पलसाना, खाचरियाबास, व धोद ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस व भाजपा से कई की टिकट कटने पर सोशल मीडिया पर नाराजगी भी सामने आई। पलसाना इलाके से जिला परिषद सदस्य की ओर से अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट मांगी, लेकिन सूची में नाम नहीं आया।
पलसाना पंचायत समिति सदस्य के लिए वार्ड चार से पत्नी के लिए कांग्रेस का टिकट मांगा था। टिकट नहीं मिला, लेकिन यह पार्टी और संगठन का निर्णय है। पार्टी ने जो निर्णय किया है उनके साथ हैं।
-रामदेव सिंह खोखर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, पलसाना
पार्टी से जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य दोनों के लिए टिकट मांगा था, लेकिन दोनों ही टिकट नहीं मिले। पार्टी के निर्णय के साथ है। संगठन के लिए काम करते रहेंगे।
-जयंत निठारवाल, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य
Updated on:
24 Oct 2026, 2:18 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 2:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.