
राजस्थान में पहले चरण की वोटिंग के बीच आई दुखद खबर। फोटो: पत्रिका
कुचामन। राजस्थान में 3314 ग्राम पंचायतों में पहले चरण के सरपंचों व वार्ड पंचों के लिए जारी वोटिंग के बीच दुखद खबर सामने आई है। डीडवाना-कुचामन जिले के नावां पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी हीराराम बाज्या की मौत हो गई। वे नावां पंचायत समिति के वार्ड 19 महाराजपुरा से चुनाव मैदान में थे। भाजपा प्रत्याशी की अचानक मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह खेत में काम करते समय भाजपा प्रत्याशी हीराराम बाज्या की मौत हो गई। उनके निधन से परिचितों, समर्थकों और स्थानीय लोगों में दुख का माहौल बना हुआ है। बता दें कि नावां पंचायत समिति क्षेत्र के वार्ड 19 से तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान थे। लेकिन, भाजपा प्रत्याशी हीराराम की मौत के बाद यहां कांग्रेस के कनुप्रिया और आरएलपी के चैनाराम के बीच मुकाबला रोचक हो गया है।
बता दें कि डीडवाना-कुचामन जिले की नावां पंचायत समिति में तीसरे चरण के तहत चुनाव होने है। नावां पंचायत समिति के 21 वार्डों में 120 प्रत्याशियों ने 132 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। आज से नामांकन पत्रों की संवीक्षा शुरू होगी। इसके बाद 25 और 26 अक्टूबर को नाम वापस का समय रहेगा। 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और 3 नवंबर को मतदान होगा।
भाजपा प्रत्याशी की मौत ऐसे समय हुई है, जब पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी की मौत से निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। क्योंकि यहां से भाजपा और आरएलपी के दो प्रत्याशी हैं। यदि चुनाव लड़ने वाला एक ही प्रत्याशी शेष रह जाता तो नियम के तहत चुनाव स्थगित किए जा सकते थे।
गौरतलब है कि बाड़मेर जिले की मांगता पंचायत समिति के वार्ड 8 से भी वोटिंग से ठीक एक दिन पहले ऐसी ही खबर सामने आया था। 21 अक्टूबर को कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल का शव खेत में मिला था। मतदान से पहले कांग्रेस प्रत्याशी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया था और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
Updated on:
24 Oct 2026, 11:04 AM IST
Published on:
24 Oct 2026, 10:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.