
सरदारशहर. पुलिस ने मंगलवार रात को एक घर में दबिश देकर देह व्यापार के आरोप में एक युवती सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया।थानाधिकारी पुष्पेंद्र झाझडिय़ा के मुताबिक सूचना मिली थी कि भोपा बस्ती स्थित वार्ड छह में नंदलाल जाट के मकान में मकान मालिक को कमीशन देकर सांवरमल व राजू गोस्वामी देह व्यापार का धंधा करवाते हैं। इस संबंध में एसपी ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिस पर रतनगढ़ पुलिस उप अधीक्षक नारायणदान चारण व एसएचओ सरदारशहर के नेतृत्व में गठित टीम ने नंदलाल के मकान में बोगस ग्राहक भेजकर तस्दीक करवाई।
तस्दीक सही पाए जाने पर दबिश दी गई। मकान से एक युवती, गांव ढाढ़रिया चारणान निवासी आरोपी सांवरमल व गांव मीतासर निवासी मकान मालिक नंदलाल को गिरफ्तार किया गया। युवती ने स्वयं को बिहार के देवरिया गांव की निवासी बताया। कार्रवाई के दौरान गांव कानड़वास निवासी चौथा आरोपी राजू मौके से भाग गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
समझौते के बाद धरना समाप्त
सादुलपुर. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका आशा सहयोगिनी व साथिन कर्मचारी यूनियन कार्यकर्ताओं की ओर से शुरू किया गया धरना बुधवार को तीसरे दिन समझौते के बाद समाप्त कर दिया गया। अध्यक्ष सविता धोलिया ने बताया कि गांव मिठड़ी बलवंत सिंह में नियुक्त दलित महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को हटाने के विरोध व अन्य मांगों को लेकर सीडीपीओ की तरफ से लिखित समझौता किए जाने पर धरना समाप्त किया गया है। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा को समाप्त किए जाने पर रोष जताया गया। पीडि़ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को एक माह का वेतन देने की मांग की गई। इसके अलावा आईसीडीएस विभाग में रिक्त पद भरने, प्रतिनियुक्ति पर लगाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों को हटाने सहित अन्य मांगों का उल्लेख किया गया। संतोष कंवर, छन्नो, कविता, चंद्रकला, राजवंती, रोशनी, चांदकौर, उर्मिला, मुनेश आदि ने समझौते को एकता की जीत बताते हुए खुशी जताई।