अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव के लिए जिलेभर में तैयारियां जोरों पर है।
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव के लिए जिलेभर में तैयारियां जोरों पर है। इस बीच शहर के बावड़ी गेट स्थित रघुनाथजी के मंदिर में भी तैयारियां तेज हो गई है। रंग- रोगन के साथ मंदिर को रंग बिरंगे फूलों व सतरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों की रूप रेखा भी बना ली गई है।
ये होंगे कार्यक्रम
महंत अजयकुमार शर्मा ने बताया कि 22 जनवरी को मंदिर में दिनभर मंगल गान होंगे। राम नवमी महोत्सव समिति के संयोजन में भगवान राम की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से अयोध्या कार्यक्रम का बड़ी एलईडी पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। दोपहर 12.30 बजे भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के समय 108 बत्तियों से महाआरती होगी। दोपहर तीन बजे मंगलगान व शाम को 5.30 बजे आरती होगी।
खुदाई में मिली थी मूर्ति
मंदिर की स्थापना 246 वर्ष पहले विक्रम संवत् 1844 में की गई थी। मंदिर का निर्माण राव राजा देवीसिंह ने करवाया था। महंत ने बताया कि बावड़ी की खुदाई के दौरान यहां बालाजी की प्रतिमा मिली। राव राजा को पता चलने पर उन्होंने बालाजी की प्रतिमा मंदिर बनाकर उसमें रखवाई। इसके बाद भगवान राम की अष्टधातु तथा सीता व लक्ष्मण पीतल की प्रतिमा बनवाकर राम मंदिर का निर्माण करवाया।
राम नाम की दौड़ 21 को
सीकर. श्री राम जन्मभूमि में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद की ओर से रविवार को राम नाम की दौड़ के रूप में भगवा मेरॉथन का आयोजन होगा। विहिप जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मुंडरू ने बताया कि एसके स्कूल मैदान से दौड़ सुबह 7.30 बजे शुरू होगी। जो कल्याण सर्किल, जाट बाज़ार, घंटाघर, कल्याणजी के मंदिर होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंचेगी। समापन सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ व राष्ट्रगान से होगा। मेरॉथन में अलग- अलग श्रेणी के हिसाब से प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।