
सीकर. पुलिस भर्ती को लेकर प्रदेश के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश में 5500 पदों के लिए होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए अब तक प्रदेश के 14 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन कर चुके है। अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट दिए जाने के बाद अभ्यर्थियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अंतिम तिथि तक दो से ढाई लाख युवा अभी और आवेदन आने की संभावना है।
ऐसे में आवेदनों की संख्या का आंकड़ा 16 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। अभ्यर्थी 15 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। लगातार आवेदनों की संख्या बढऩे से पुलिस के सामने परीक्षा कराना भी चुनौती बनता जा रहा है। अब तक विभाग ने परीक्षा की तिथि भी घोषित नहीं की है।
अधिकतम आयु सीमा में छूट
गृह विभाग के संयुक्त सचिव ने 27 दिसंबर को सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट देने के आदेश जारी किए है। एड़वोकेट संदीप कलवानिया ने बताया कि भर्ती विज्ञापन में विभाग ने आवेदन करने के लिए 18 से 21 वर्ष की आयु सीमा तय की थी लेकिन भर्ती में तीन साल की देरी होने से कई अभ्यर्थियों ने ऊपरी आयु सीमा में छूट दिए जाने को लेकर हाई कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की थी। जिनका निस्तारण कर कोर्ट ने अधिकतम आयु सीमा में छूट दिए जाने के निर्देश दिए थे।
कल से सुधार का मौका
विभाग ने आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को आवेदन में भूल से हुई किसी भी गलती में संशोधन करने का मौका दिया है। आवेदन को जांच कर उसमें आवश्यक संशोधन कर सकते है। इसके बाद अभ्यर्थियों को गलती सुधारने का कोई मौका नहीं मिलेगा।
इसलिए युवाओं में भर्ती को लेकर क्रेज
प्रदेश में लगभग साल बाद पुलिस कांस्टेबल के पदों पर भर्ती हो रही है। अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से पदों की संख्या काफी कम है। इस बार 5500 पदों पर भर्ती हो रही हैं। पिछली बार भर्ती दस हजार पदों पर हुई थी। अभ्यर्थियों ने सरकार से पदों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी करने की मांग की है।