सीकर

Sikar: नगर परिषद फिर भूखंड बेचकर होगी मालामाल, शहर के प्रोजेक्टों को मिलेगी रफ्तार

Sikar Nagar Parishad कई सालों से शहर की स्वच्छता में दाग बने माधव स्कूल मैदान के दो भूखण्डों को अब नगर परिषद ने नीलाम करने की तैयारी कर ली है। नगर परिषद को दो भूखण्डों की नीलामी से 50 करोड़ की आमदनी होने की संभावना है।
2 min read
May 17, 2026
Municipal council Sikar
सीकर नगर परिषद। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Sikar Nagar Parishad : सीकर। कई सालों से शहर की स्वच्छता में दाग बने माधव स्कूल मैदान के दो भूखण्डों को अब नगर परिषद ने नीलाम करने की तैयारी कर ली है। नगर परिषद को दो भूखण्डों की नीलामी से 50 करोड़ की आमदनी होने की संभावना है। इस राशि से नगर परिषद की ओर से शहर में सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क, सौन्दर्यकरण के काम कराए जाएंगे। इससे पहले नगर परिषद की ओर से तोदी नगर इलाके में कुछ भूखण्डों की नीलामी की गई थी।

नगर परिषद की ओर से माधव व्यावसायिक योजना की नीलामी में शामिल होने वालों से आवेदन लेना शुरू कर दिया है। यहां शुरूआरती दरें 80 हजार प्रति वर्ग तय की गई है। शहर की प्राइम लोकेशन होने की वजह से यहां न्यूनतम दरों से भी अधिक की नीलामी होने की उम्मीद है।

इसलिए नगर परिषद की मजबूरी बनी नीलामी

शिक्षानगरी में तेजी से आबादी विस्तार भी हो रहा है। ऐसे में शहर के सभी जोन में मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काफी बजट चाहिए। हालांकि केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं में अंशदान भी मिल रहा है लेकिन यहां के प्रोजेक्टों के हिसाब से काफी कम है। ऐसे में नगर परिषद की ओर से प्रोजेक्टों को गति देने के लिए नीलामी का सहारा लिया जा रहा है।

विवादों की वजह से अटका रहा था मामला

माधव व्यावसायिक योजना की नगर परिषद की ओर से लगभग दस साल पहले एक ब्लॉक की नीलामी की गई थी। इस दौरान पैसा जमा कराने को लेकर विवाद न्यायालय तक पहुंच गया था। इसके बाद अब नगर परिषद की ओर दूसरे चरण में दो व्यावसायिक भूखण्डों को बेचने की योजना है।

आवासीय कॉलोनी का इंतजार

शहरवासियों को नगर परिषद के आवासीय व मल्टीस्टोरी प्रोजेक्ट का भी इंतजार है। शहरवासियों का कहना है कि नगर परिषद को तोदी नगर के मल्टीस्टोरी प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिलानी चाहिए जिससे शहरवासियों के आशियाने की उम्मीद पूरी हो सके।

अब मॉड्यूलर प्रेशर पंप से होगी सफाई

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के लिए शहरी सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। नगर परिषद की ओर से शहर के विभिन्न सार्वजनिक सुलभ शौचालयों की साफ-सफाई एवं नियमित धुलाई के लिए मॉड्यूलर प्रेशर पंप का उपयोग शुरू किया है। परिषद ने सार्वजनिक शौचालयों की प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो बार विशेष सफाई और धुलाई का दावा किया है। नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन को प्लास्टिक से बनी हुई थैलियों का इस्तेमाल बंद करना चाहिए।

Updated on:
17 May 2026 04:26 pm
Published on:
17 May 2026 04:26 pm