जयपुर में शाहपुरा-दौसा मनोहरपुर हाइवे पर शनिवार सुबह एक कार खड़े ट्रक में जा घुसी जिससे उसमें सवार सीकर निवासी दो सगे भाइयों सहित तीन की दर्दनाक मौत हो गई।
सीकर/जयपुर।
Road accident in jaipur : जयपुर में शाहपुरा-दौसा मनोहरपुर हाइवे पर शनिवार सुबह एक कार खड़े ट्रक में जा घुसी। जिससे उसमें सवार सीकर निवासी दो सगे भाइयों सहित तीन की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और बुरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतक के शवों व घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हादसा कार चालक को झपकी आने से हुआ है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के आने पर लोगों ने कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई है।
यूपी से सीकर लौट रहे थे ( Three Killed in road accident )
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सीकर निवासी ताराचंद जैन पुत्र बसंती लाल जैन अपने भाई रमेशचंद, भतीजे दीपक जैन एवं साथी सुनील कुमार जैन के साथ उत्तरप्रदेश से सीकर लौट रहे थे। इस दौरान दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर कुशलपुरा गांव में कालू ढाबे के पास ड्राइवर को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर तेजी से खड़े ट्रक में घुस गई। जिसमें ताराचंद जैन (60), सगा भाई रमेशचंद जैन (55) पुत्र बसंतीलाल जैन व साथी सुनील कुमार जैन (45) पुत्र प्रकाशचंद जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दीपक जैन (30) पुत्र रमेशचंद्र जैन गंभीर रूप से घायल हो गया।
शाम तक सीकर पहुंचेंगे शव
हादसे का शिकार हुए सभी लोग सीकर के जाट बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने रहने वाले थे। तीनों मृतकों के शव शाम तक सीकर पहुंचने की संभावना है। इधर, परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।