सीकर

Sikar Accident : वर्ष 2018 में राजस्थान का सबसे बड़ा सड़क हादसा, 11 की मौत, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 50-50 हजार रुपए

सीकर में जयपुर-बीकानेर वाया फतेहपुर होते हुए गुजर रहे नेशनल हाईवे (एनएच 11) पर बुधवार सुबह हादसे में एक महिला समेत 11 लोगों की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 3 Jan 2018, 11:49 AM IST
Accident in sikar

सीकर. राजस्थान में वर्ष 2018 का सबसे बड़ा सडक़ हादसा सीकर जिले में हुआ है। सीकर में जयपुर-बीकानेर वाया फतेहपुर होते हुए गुजर रहे नेशनल हाईवे (एनएच 11) पर बुधवार सुबह हादसे में एक महिला समेत 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सीकर जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान लोक परिवहन की बस सरदारशहर से जयपुर जा रही थी। हादसे के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी। सवारियों को लेने के चक्कर में लोक परिवहन बस के चालक ने गांव रोलसाबसर के पास आगे चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से ट्रोला आ रहा था। लोक परिवहन बस का संतुलन बिगडऩे से उसकी ट्रोले से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में कट गई। आधा हिस्सा ट्रोले के साथ घसीटता हुआ ही चला गया। इस हिस्से में बैठे अधिकांश यात्री मारे गए हैं।

शवों की शिनाख्त में जुटी पुलिस
फिलहाल सभी शव फतेहपुर शेखावाटी के धानुका अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस आस-पास के लोगों की मदद से शवों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है। वहीं घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को सीकर भी रैफर किया गया है।

कम्बल में लपेटकर ले गए शव
बस में शव बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला जा सका। लोग कम्बल में शव डालकर उन्हें वाहनों से मुर्दाघर पहुंचाया। फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में पांच यात्रियों की मौत होने की सूचना थी, मगर बाद मौतों का आंकड़ा बढ़ गया।

कलक्टर-एसपी मौके पर
हादसे की सूचना मिलने पर सीकर जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल, एसपी विनित कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव फतेहपुर के धानुका अस्पताल में रखवाए गए हैं। उनकी शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
3 Jan 2018, 11:49 AM IST
Published on: