सिंगरौली

MP के सिंगरौली जिला कोर्ट में अचानक घुसे 35 गुंडे, वकीलों पर किया हमला

Lawyers Attacked in District Court: 30 से 35 लोगों ने परिसर में घुसकर वकीलों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज करने के अलावा उन पर हमला भी किया। पुलिस ने मामला किया दर्ज।

3 min read
May 28, 2026
Lawyers Attacked in District Court by 30-35 goons (फोटो-Patrika.com)

Lawyers Attacked in District Court: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला कोर्ट में विवादों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को परिसर में वकीलों द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इस विवाद ने बुधवार को एक बार कोर्ट परिसर में हिंसक रूप ले लिया। दोपहर को 30 से 35 लोगों ने परिसर में घुसकर वकीलों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज करने के अलावा उन पर हमला भी किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में एक राजनीतिक संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बजेंद्र देव पाण्डेय की शिकायत पर की गई है।

धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की, जान से मारने की दी धमकी

शिकायत के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:50 बजे 30-35 साथियों के साथ नीले गमछे पहनकर कोर्ट परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि इन लोगों ने खुद को राजनीतिक संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए अधिवक्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कोर्ट परिसर में काफी देर तक तनाव और भय का माहौल बना रहा। बैढ़न पुलिस थाने ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191 (1), 191(2), 296(बी), 351(3) और 131 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

कुर्सी विवाद से शुरू हुआ मामला

जानकारी के अनुसार सोमवार को कोर्ट परिसर में कुर्सी पर बैठने को लेकर कुछ अधिवक्ताओं और एक युवक के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें युवक की कथित तौर पर पिटाई की गई थी। बुधवार को नारेबाजी और हंगामा इस घटना के बाद हुआ। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वकीलों का झुंड एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं विवाद के दौरान युवक पर पत्थर से भी हमला किया गया था।

कुर्सियों पर बैठने को लेकर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद सिंगरौली के न्यायालय परिसर में वकील के चेंबर के बाहर रखी कुर्सियों पर दो युवकों के बैठने से शुरू हुआ। अधिवक्ता आकेश वर्मा ने युवकोंं को वहां से हटने को कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि युवकों ने अधिवक्ता के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ वकीलों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान युवक जमीन पर गिर गया लेकिन विवाद कुछ समय तक चलता रहा। विवाद को बढ़ता देख अधिवक्ता आकेश वर्मा ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू किया।

दोनों पक्ष की तरफ से की गई शिकायत

वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वहीं मामले की शिकायत दोनों पक्ष से थाने में शिकायत की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है तथा मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बनी रही।

वकीलों की सुरक्षा पर उठे सवाल

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बजेंद्र देव पाण्डेय ने घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि यदि वकील कोर्ट के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह न्याय व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। अधिवक्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।

Published on:
28 May 2026 08:00 pm
Also Read
View All