ज्ञान सरोवर परिसर का अवलोकन
मिजोरम के राज्यपाल निर्भय शर्मा दो दिवसीय प्रवास के लिए शुक्रवार अपराह्न माउंट आबू पहुंचे। उनके ब्रह्माकुमारी संगठन के ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर स्थित पीस कॉटेज पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारी शिक्षा प्रभाग उपाध्यक्ष बीके मृत्युजंय, शिपिंग, एविएशन, टूरिज्म प्रभाग मुख्यालय संयोजक बीके सुमन बहन, राजयोग शिक्षिका बीके शीला बहन, बीके नरेश, बीके राघवेंद्र आदि ने स्वागत किया।
राज्यपाल के साथ पत्नी ज्योत्सना शर्मा, परिसहाय रतीश अब्राहम आदि ने ज्ञान सरोवर परिसर का अवलोकन कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। राज्यपाल विश्वविख्यात देलवाड़ा जैन मंदिर गए जहां मंदिर प्रबंधक गोवर्धन सिंह, उपप्रबंधक भगत सिंह आदि ने स्वागत किया। गाइड रमेश गिरी ने राज्यपाल को मंदिर का अवलोकन कराया। मंदिर की अनूठी शिल्पकला देखकर राज्यपाल अभिभूत हो गए। राज्यपाल माउंट आबू व आबूरोड शांतिवन में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर शनिवार दोपहर उदयपुर प्रस्थान करेंगे।