सिरोही

मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट, फिर आने वाला है पश्चिमी विक्षोभ, बारिश के लिए रहें तैयार

Weather Update: राजस्थान में मौसम लगातार एक के बाद एक नए रंग दिखा रहा है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 5-6 अप्रेल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

2 min read
Apr 01, 2024
weather_update_1.jpg

Weather Update: राजस्थान में मौसम लगातार एक के बाद एक नए रंग दिखा रहा है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 5-6 अप्रेल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर दो दिन तक रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, तो वहीं कई जगहों पर बूंदाबांदी के आसार हैं। आगामी 4 से 5 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और सामान्य रहेगा।

वहीं पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आने से रविवार को तापमापी का पारा 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे वादियों में हवा चलने से वातावरण में ठंडक घुली रही। फिजां में घुली ठंडक के बीच सैलानियों ने सड़कों व बाजारों में चहलकदमी करते हुए मौसम का आनंद लिया। सवेरे भ्रमणकारियों ने भी आबू की वादियों के प्राकृतिक दृश्यों को निहारते हुए भ्रमण का लुत्फ उठाया। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने से तापमापी का पारा 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ढाई दिन में 3423 वाहनों से आए हजारों पर्यटक
वीकेंड पर पर्यटन स्थल माउंट आबू की हसीन वादियों का दीदार करने आए पर्यटकों से बाजार में रौनक रही। गत ढाई दिनों में तीन हजार 423 छोटे-बड़े वाहनों के जरिए हजारों पर्यटकों ने माउंट आबू की वादियों को निहारने का आनंद लिया, जिसके चलते वाहन कर के रूप में पालिका को तीन लाख 99 हजार 100 रुपए की राजस्व आय हुई। वाहन कर नाका सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को 1375 छोटे-बड़े वाहनों से एक लाख 63 हजार 50, शनिवार को 1226 वाहनों से एक लाख 41 हजार 50 व रविवार अपराह्न चार बजे तक 822 वाहनों से 94 हजार 200 रुपए वाहन कर के रूप में अर्जित किए गए। जिससे कुल तीन हजार 423 छोटे-बड़े वाहनों से वाहन कर के रूप में तीन लाख 99 हजार 100 रुपए की शुद्ध राजस्व आय अर्जित की गई। माउंट आबू सैर-सपाटे को आने वाले पर्यटक वाहनों की आवक अभी जारी है।

Published on:
01 Apr 2024 05:00 pm