
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी, Photo- Patrika
सिरोही। एक दिन पूर्व गुजरात के राजकोट शहर में सोना-चांदी लूटने के दौरान फायरिंग कर एक कर्मचारी की हत्या करने के मामले में सिरोही की पिंडवाड़ा पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में वारदात को अंजाम देने वाला शूटर भी शामिल है। एसपी अजय सिंह राठौड़ के अनुसार राजकोट स्थित सोना-चांदी के आभूषण निर्माण की फर्म से कर्मचारी लालजीभाई सुरक्षा गार्ड के साथ 14 अक्टूबर को करीब 1.55 करोड़ रुपए मूल्य का सोना लेकर रिफाइनरी से बाहर निकले थे।
इसी दौरान दो बदमाशों ने सोने से भरा थैला लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक बदमाश ने हथियार से फायरिंग कर दी, जिससे लालजीभाई घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी थैला लेकर मरून रंग की टाटा टेगोर कार में सवार होकर फरार हो गए।
उपचार के दौरान लालजीभाई की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिरोही एसपी डॉ. अजय सिंह राठौड़ व एडिशनल एसपी नरेंद्र कुमार के निर्देश पर पिंडवाड़ा थाने के पुलिसकर्मियों ने नाकाबंदी शुरू की।
इसी दौरान उदयपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार दिखाई दी। राजस्थान पुलिस ने पीछा किया तो कार सवार आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राजकोट शहर में सोना-चांदी लूट की वारदात स्वीकार की।
सिरोही जिले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शिवम पांडे उर्फ आयुष चतुर्वेदी, अजीत पांडे उर्फ लालू, अभिषेक सिंह उर्फ लंकेश और मनोहर सिंह के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना और चांदी बरामद कर आरोपियों को गुजरात की राजकोट पुलिस को सुपर्द किया।
Updated on:
15 Oct 2026 03:16 pm
Published on:
15 Oct 2026 02:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
