
Sirohi BJP Rebellion (Patrika File Photo)
सिरोही: नगर परिषद चुनाव नतीजों के बाद सिरोही बीजेपी में चल रही अंतर्कलह अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गई है। बुधवार रात बीजेपी के सिरोही नगर मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप से तीन नवनिर्वाचित पार्षदों और एक पार्षद पति को रिमूव किए जाने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। इनमें एक पार्षद वह भी बताया जा रहा है, जिसने सभापति चुनाव के दूसरे दिन सारणेश्वर महादेव मंदिर में हाथ में जल लेकर पार्टी के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी।
मामले को सभापति चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, किस पार्षद ने किसे वोट दिया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि मतदान गोपनीय था। पार्टी पदाधिकारियों ने भी इस संबंध में अनभिज्ञता जताई है। इधर, ग्रुप से रिमूव किए जाने के बाद पार्षद प्रवीण राठौड़ के इस्तीफा देने की बात सामने आई है।
इधर, पार्टी के सोशल मीडिया ग्रुप से रिमूव किए जाने के बाद बीजेपी पार्षद प्रवीण राठौड़ ने पार्टी पदाधिकारियों को इस्तीफा भेजा है। राठौड़ ने बताया कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी एवं संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया तथा जिला महामंत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनाव के बाद उत्पन्न परिस्थितियों और संगठन के भीतर घटित घटनाक्रम से वे अत्यंत आहत हैं। वर्तमान परिस्थितियों में पूर्व की तरह विश्वास और आत्मसम्मान के साथ संगठन में कार्य करना संभव नहीं रह गया है। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी, मोर्चों, प्रकोष्ठों, समितियों और संगठनात्मक इकाइयों में अपने सभी पदों एवं दायित्वों से इस्तीफा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को वाट्सऐप ग्रुप पर भेजा है।
सिरोही नगर परिषद के 35 वार्डों में कांग्रेस के 23, बीजेपी के 10 और निर्दलीयों के 2 पार्षद निर्वाचित हुए थे। सभापति चुनाव में कांग्रेस की रितु जैन को 30 और बीजेपी की पूजा माली को 5 वोट मिले। आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी के पांच मत क्रॉस हुए हैं। लेकिन मतदान गोपनीय होने से किन पार्षदों के वोट क्रॉस हुए, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
बुधवार देर रात सिरोही बीजेपी नगर मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन ने पार्षद गीता पुरोहित, प्रवीण राठौड़, गौरव प्रजापत और पार्षद पति एवं प्रत्याशी रहे धनपत सिंह को ग्रुप से हटा दिया। इनमें गौरव प्रजापत का नाम विशेष चर्चा में है, क्योंकि सभापति चुनाव के बाद मंदिर में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की शपथ लेने वाले पांच पार्षदों में उनका नाम बताया जा रहा है।
सिरोही में सभापति चुनाव में बीजेपी के पांच वोट क्रॉस हुए हैं, लेकिन किनके वोट क्रॉस हुए, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा, पिंडवाड़ा में उपसभापति चुनाव में एक वोट तथा शिवगंज में सभापति चुनाव में एक वोट के क्रॉस होने की भी चर्चा है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि वोट निर्दलीय पार्षद का गया या बीजेपी पार्षद का।
आबूरोड में सभापति चुनाव में बीजेपी को 27 और कांग्रेस को 13 वोट मिले, जबकि उपसभापति चुनाव में कांग्रेस को 18 और बीजेपी को 22 वोट मिले। यहां भी वोट क्रॉस होने की चर्चा रही, लेकिन किसका वोट गया, निर्दलीय का या पार्टी के पार्षद का, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्षदों के भी वोट क्रॉस हुए हैं। पिंडवाड़ा, माउंट आबू और आबूरोड में कांग्रेस के पार्षदों की ओर से क्रॉस वोटिंग किए जाने की चर्चा रही। हालांकि, किन पार्षदों के वोट क्रॉस हुए, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।
पार्षदों को सोशल मीडिया ग्रुप से रिमूव किए जाने की जानकारी नहीं है। लेकिन सभापति चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कुछ पार्षदों के खिलाफ शिकायत मिली है। उनके खिलाफ संगठन की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुझे किसी पार्षद का इस्तीफा भी नहीं मिला।
-रक्षा भंडारी, जिलाध्यक्ष, बीजेपी, सिरोही
Updated on:
09 Oct 2026 12:50 pm
Published on:
09 Oct 2026 12:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
