मान्यता है कि मां सती के शरीर के अंग जहां-जहां गिरे, वे स्थान शक्तिपीठ कहलाए। अर्बुदांचल में मां सती के अधर यानी होंठ गिरने से यह स्थान अधर देवी शक्तिपीठ के रूप में विख्यात हुआ। मंदिर की प्राचीनता को लेकर इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के बीच अलग-अलग मत हैं। हालांकि, स्कंद पुराण में प्राप्त उल्लेखों के आधार पर कुछ इतिहासकार इसे हजारों वर्ष पुराना मानते हैं। धार्मिक मान्यताओं में मां अर्बुदा देवी को मां कात्यायनी के रूप में भी पूजा जाता है।