
Sirohi: पूर्व विधायक संयम लोढ़ा (फाइल फोटो-पत्रिका)
सिरोही। कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश के खुलासे के करीब 20 दिन बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार लोढ़ा को गैंगस्टर आरजू विश्नोई के नाम से विदेश से कॉल कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनको तीन बार धमकी भरे कॉल आए हैं। इस संबंध में लोढ़ा की ओर से सुमेरपुर सदर थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब उन्हें एस्कॉर्ट भी उपलब्ध करवाया गया है।
सूत्रों के अनुसार लोढ़ा को 11 अक्टूबर को दिन में तीन बार विदेशी नंबरों से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस का भाई आरजू बताते हुए फोन पर ऑडियो मैसेज कर जान से मारने की धमकी दी। एक ही दिन में लगातार तीन बार धमकी मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए गहनता से जांच में जुट गई है। कॉल कहां से और किसने किए और धमकी देने वालों के पीछे कौन है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
गत दिनों पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा हुआ था। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) व पुलिस की जांच में विदेश में बैठे आरजू विश्नोई गैंग का कनेक्शन सामने आने की बात सामने आई थी। जांच में हरियाणा के साहिल का नाम भी सामने आया था, जिस पर लोढ़ा को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपे जाने का आरोप था। पुलिस जांच के अनुसार, लोढ़ा की गतिविधियों पर नजर रखने और कथित साजिश को अंजाम देने के लिए शूटरों की मदद लेने सहित कई पहलुओं की पड़ताल की गई थी। इस मामले में शूटरों की गिरफ्तारी के बाद साजिश से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की गई।
पूर्व में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, शूटरों ने शिवगंज के समीप पालड़ी जोड़ में लोढ़ा के फार्म हाउस और उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए रेकी की थी। सिरोही के एक होटल में शूटरों के ठहरने की जानकारी भी सामने आई थी। होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने इस दिशा में जांच आगे बढ़ाई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि शूटरों ने स्थानीय स्तर पर मदद लेने और अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अलग-अलग स्थानों पर संपर्क किया था। पुलिस ने इस मामले में संदिग्धों की भूमिका, उनके संपर्कों और लोढ़ा को निशाना बनाने के पीछे की वजहों की पड़ताल की थी।
प्रकरण की जांच के दौरान पाली जिले के ढोला गांव के पास हाईवे से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार भी बरामद करने की जानकारी सामने आई थी। इनमें विदेशी हथियार और कारतूस शामिल बताए गए।
हत्या की कथित साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने लोढ़ा की सुरक्षा बढ़ा दी। अब दोबारा धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है तथा एस्कॉर्ट उपलब्ध करवाया गया है। लगातार सामने आ रहे घटनाक्रमों के बीच अब पुलिस के सामने धमकी भरे कॉल के स्रोत का पता लगाने और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने की चुनौती है। फिलहाल पुलिस सुमेरपुर सदर थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
18 Oct 2026 09:55 pm
Published on:
18 Oct 2026 09:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
