
आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड के बाद अब जिला स्तरीय प्राथमिक शिक्षा अधिगम मूल्यांकन (पांचवीं बोर्ड परीक्षा) 8 अप्रेल को होगी। परीक्षा डाइट की ओर से आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रारम्भिक स्तर की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। माउंट आबू डाइट की ओर से राजकीय विद्यालयों को शाला दर्पण एवं शाला दर्शन पर रोल नम्बर आवंटित कर दिए गए हैं। जिले के संस्कृत, निजी एवं मदरसा विद्यालयों को ऑफलाइन रोल नम्बर जारी कर सम्बंधित संग्रहण केन्द्र एवं बीईईओ कार्यालयों को उपलब्ध करवा दिए गए हैं। ऐसे में राजकीय विद्यालय को अपने पोर्टल पर पाचवीं के विद्यार्थियों की सूचना को अद्यतन करनी होगी। ऑफलाइन जारी रोल नम्बर वाले विद्यालय अगर कोई संशोधन है तो ब्लॉक कार्यालय के मार्फत डाइट को सूचना उपलब्ध करानी होगी। वहीं मूल्यांकन कार्य के लिए 6 अप्रेल को डाइट में ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, संग्रहण एवं मूल्यांकन केन्द्राध्यक्षों की बैठक प्रारम्भिक एवं माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित होगी।
बीईईओ को किया अधिकृत
परीक्षा केन्द्राधीक्षक के रूप में कार्यरत प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक अथवा कार्यवाहक की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पांचवीं बोर्ड के प्रश्न पत्रों के वितरण के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अधिकृत किया गया है। डाइट की ओर से 5 अप्रेल को बीईईओ को प्रश्न-पत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रश्न पत्रों को पुलिस थाना/चौकी या दो अध्यापकों को नियुक्त कर विद्यालय अथवा स्वयं बीईईओ की ओर से परीक्षा के दो-तीन घंटे पूर्व वितरित किए जाने के निर्देश दिए गए है। इसके लिए बीईईओ स्तर से निर्धारित किया जाएगा कि प्रश्न-पत्र कहा रखे जाए।
12 केन्द्रों पर होगी कॉपी जांच
जिले में 12 संग्रहण एवं मूल्यांकन केन्द्र बनाए है। इसमें आबूरोड ब्लॉक के सांतपुर, मूंगथला, किंवरली, पिण्डवाड़ा के सरूपगंज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पिण्डवाड़ा बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वीरवाड़ा, सिरोही के नवीन भवन स्कूल, कालन्द्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवगंज के दादावाड़ी, कैलाशनगर एवं रेवदर ब्लॉक के डाक व वासन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को बनाया गया है। परीक्षा केन्द्र प्रत्येक स्कूल को बनाया गया है। कॉपी जांच मूल्यांकन केन्द्र पर होगी।
फैक्ट फाइल
ब्लॉक सीनियर प्रारम्भिक संस्कृत मदरसा निजी परीक्षार्थी
आबूरोड 843 2246 18 5 56 3168
पिण्डवाड़ा 1095 2067 15 10 0 3187
रेवदर 776 1588 14 5 194 2577
शिवगंज 665 725 5 3 117 1515
सिरोही 852 860 52 6 127 1965
कुल 4231 7486 104 29 494 12,412
इन्होंने बताया...
पांचवीं बोर्ड परीक्षा 8 अप्रेल से शुरू होगी। इसके लिए प्रारम्भिक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। साथ ही जिले के राजकीय विद्यालयों को शाला दर्पण एवं शाला दर्शन पर रोल नम्बर आवंटित कर दिए गए हैं।
विनोदकुमार दोशी, प्रधानाचार्य डाइट माउंट आबू