सिरोही

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: विवाह से 3 दिन पहले दूल्हे सहित तीन की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम

Rajasthan Sirohi Road Accident: राजस्थान के सिरोही जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक नरमा राम का तीन दिन बाद विवाह होना था। हादसा रेवदर क्षेत्र के डबाणी के पास हुआ।
2 min read
May 21, 2026
sirohi accident news
फाइल फोटो- मृतक गोविन्द, गोले में नरमा राम और रमेश

Rajasthan Sirohi Road Accident: नागाणी (सिरोही)। राजस्थान के सिरोही जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रेवदर क्षेत्र के डबाणी के पास हुआ। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-168 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और अनादरा क्षेत्र के खरुआड़ा गांव के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक युवक की 24 मई को शादी थी। वह अपने चचेरे भाई और मामा के साथ खरीदारी कर घर लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी अशोक माली ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई मीटर दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने ने उसका पीछा किया।

करोटी के पास टोल टैक्स के करीब चालक ट्रेलर छोड़कर जंगल में भाग गया। हादसे में मारे गए तीनों युवक अनादरा के पास खरुआडा गांव के निवासी हैं। मृतकों की पहचान गोविंद गरासिया (27 वर्ष) पिता साहिबाजी गरासिया, नरमा राम गरासिया (25 वर्ष) पिता बाबूलाल गरासिया, रमेश गरासिया (27 वर्ष) पिता छोगाराम गरासिया के रूप में हुई ।

शादी की खरीदारी बन गई आखिरी सफर

नरमा राम का रविवार को विवाह होना था। वह अपने दूर के रिश्ते में मामा लगने वाले रमेश और ताऊ के लड़के गोविंद के साथ शादी की खरीदारी और रिश्तेदारों को चावल देकर आमंत्रण देने करोटी जा रहे थे, तभी रास्ते में दर्दनाक सड़क हादसे में तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया।

नरमा राम के पिता बाबूलाल गरासिया की मौत भी चार साल पहले एक हादसे में ही हुई थी। सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे में जान गंवाने वाले गोविंद गरासिया अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। मृतक रमेश कुमार गरासिया के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं।

दो साल की बेटी, गर्भवती पत्नी

नरमा राम गरासिया की 2 साल की एक बेटी है और पत्नी गर्भवती हैं। स्थानीय परंपरा के अनुसार गरासिया जनजाति में ‘ताणना’ प्रथा प्रचलित है, जिसमें युवक-युवती साथ रहने के बाद संतान होने पर उनके रिश्ते को सामाजिक रूप से विवाह योग्य माना जाता है। इसी परंपरा के तहत अब 24 मई को नरमा राम की शादी होने वाली थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

Updated on:
22 May 2026 11:09 am
Published on:
21 May 2026 06:43 pm